उत्तर प्रदेश: “एक्सक्यूज मी आंटी” कहने पर भड़की महिला ने भरी बाजार में कर दी 19 वर्षीय लड़की की पिटाई, हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो वायरल

0

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में 19 साल की लड़की द्वारा “एक्सक्यूज मी आंटी” कहते जाने पर भड़की अधेड़ उम्र की एक महिला ने भरी बाजार में उसकी पिटाई कर दी। इस हाई वोल्टेज ड्रामें का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह घटना मंगलवार की शाम की है।

उत्तर प्रदेश

दरअसल, एटा के बाबूगंज बाजार में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर खासी हलचल थी, तभी 19 साल की लड़की भीड़ के बीच अपने लिए रास्ता बनाने की कोशिश कर रही थी। उसने विनम्रता से 40 वर्षीय महिला से ‘एक्सक्यूज मी आंटी’ कह दिया। लड़की के आंटी कहते ही महिला ने आपा खो दिया और उसे गालियां देने लगी। उसने लड़की को थप्पड़ भी मारा, बाल पकड़कर उसे खींचा। उनके बीच खासा झगड़ा हुआ और वहां लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस को व्यस्त बाजार में चल रही इस लड़ाई को रोकने का प्रयास करते देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि दोनों को पुलिस स्टेशन लाया गया और बाद में उन्होंने समझौता कर लिया। मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई।

महिला थाना की एसएचओ कंचन कटियार ने कहा, लड़की ने महिला को आंटी कहा था, जिसके बाद महिला ने लड़की के साथ मारपीट की। लड़की ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों को पुलिस स्टेशन लाया गया और उनके परिवारों को बुलाया गया था। उन्होंने इस मुद्दे को आपस में सुलझा लिया है। लड़की और महिला दोनों ही अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

घटना के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। विशेष रूप से यहां महिला कांस्टेबलों को तैनात किया गया। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleICAI CA Exam 2020: सुप्रीम कोर्ट का निर्देश- ICAI अपनी वेबसाइट पर Covid-19 सुरक्षा के लिए उठाए गए सभी कदमों की जानकारी मुहैया कराए, सीए परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए icai.org को करें फॉलो
Next articleअर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर मंत्रियों एवं BJP का आक्रोश चुनिंदा और शर्मनाक: कांग्रेस