पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के दिग्गज नेता रहे रघुवंश प्रसाद सिंह का रविवार को निधन हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी रहे नेता ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांसें ली। उनके निधन पर बिहार में शोक की लहर है, उनके निधन पर शोक संवंदानाओं का तांता लगा हुआ है।
बता दें कि, हाल ही में रघुवंश प्रसाद सिंह की तबीयत बिगड़ने के उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार देर रात अचानक ही उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेटिंलेटर सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रहे थे लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। इस बीच रविवार को परिजनों ने उनके निधन की पुष्टि की।
गौरतलब है कि, मौत के कुछ दिनों पहले ही उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल से अपना इस्तीफा दे दिया था। दिल्ली एम्स में भर्ती रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपना इस्तीफा एक सामान्य पन्ने पर लिखकर भेजा था। इसमें उन्होंने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को संबोधित करते हुए लिखा था कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के निधन के बाद 32 वर्षों तक आपके पीछे-पीछे खड़ा रहा, लेकिन अब नहीं। पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आमजनों ने बड़ा स्नेह दिया। मुझे क्षमा करें।