मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के परिवहन आयुक्त वी मधु कुमार का तबादला कर दिया है। वर्ष 1991 के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मधु कुमार का पुलिस कर्मियों से लिफाफे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके तबादले का यह आदेश आया है। हालांकि, उस लिफाफे में क्या था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
मध्य प्रदेश गृह विभाग द्वारा शनिवार देर रात को जारी आदेश में कहा गया है, ‘‘राज्य शासन द्वारा वी. मधु कुमार, परिवहन आयुक्त मध्य प्रदेश, ग्वालियर की सेवाएं परिवहन विभाग से वापस लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश पर्यन्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के पद पर पदस्थ किया जाता है।’’
बता दें कि, मधु कुमार का पुलिस कर्मियों से लिफाफे लेते हुए एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। वीडियो में आयुक्त अपने अधीनस्थों से लिफाफे लेकर उन पर कुछ लिखने के बाद उन्हें सूटकेस में रखते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, लिफाफे में क्या है, यह नहीं दिख रहा है। यह कथित वीडियो पुराना बताया जा रहा है। मौसम सर्दी का बताया जा रहा है, क्योंकि वी. मधुकुमार स्वेटर पहने हुए हैं।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें दिख रहा है कि एक अधिकारी सोफा पर आराम से बैठा है और उसके सामने वर्दीधारी अधिकारी एक-एक कर आते हैं और उन्हें लिफाफा सौंपते हैं। उसे कोई नमस्ते करता है तो कोई चरण स्पर्श।
मध्यप्रदेश के उज्जैन में सब ठीक है| आईजी साहब सबसे पूछ भी रहे हैं कि कोई दिक्कत तो नहीं? बदले में पता नहीं क्यों सब पैकेट पकडा देते हैं…..मुझे तो कुछ समझ नहीं आया, आपको आया? ? pic.twitter.com/RnGw8EEV99
— Anurag Dhanda (@anuragdhanda) July 19, 2020
इस वीडियो के वायरल होने के बाद परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्थानीय पत्रकार से चर्चा में कहा कि, यह वीडियो जो वायरल हुआ है, वह तब का है जब मधु कुमार उज्जैन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक थे। वह लिफाफा लेते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इन लिफाफों में क्या है वह नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो की जांच की कराई जाएगी। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। (इंपुट: भाषा के साथ)