अमिताभ बच्चन ने डिलीट किया ऋषि कपूर के निधन वाला ट्वीट, यूजर्स ने उठाए सवाल

0

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार (30 अप्रैल) को 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के अस्पताल में आखिरी सांस ली। बता दें कि, तबीयत बिगड़ने के बाद 67 वर्षीय ऋषि कपूर को बुधवार सुबह उनके परिवार ने एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था। ऋषि कपूर के निधन की सबसे पहले जानकारी अमिताभ बच्चन ने दी थी। लेकिन, अमिताभ बच्चन ने अब अपना वो ट्वीट अपने ट्विटर अकाउंट से डिलीट कर दिया है, जिसमें उन्होंने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी थी।

अमिताभ बच्चन
फाइल फोटो

हमेशा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले महानायक अमिताभ बच्चन ने आज सुबह ट्वीट करते हुए लिखा था कि ऋषि कपूर नहीं रहे। अमिताभ ने यह भी कहा था कि ऋषि के जाने बाद वह टूट गए हैं। हालांकि, कुछ देर बाद अमिताभ बच्चन ने अपना यह ट्वीट डिलीट कर दिया। अमिताभ बच्चन ने आखिर ऐसा क्यों किया, इस सवाल का जवाब लोग सोशल मीडिया पर ढूंढ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।

बता दें कि, अब अमिताभ बच्चन के ट्विटर वॉल पर आखिरी ट्वीट इरफान खान से जुड़ी दिख रही है। आखिर अमिताभ ने ऋषि कपूर वाले ट्वीट को डिलीट क्यों किया यह सवाल लोगों को मन में बार-बार उठ रही है, क्योंकि अमिताभ के ट्वीट करने के तुरंत बाद ही कई बॉलीवुड सेलेब्स ऋषि कपूर के निधन को लेकर ट्वीट कर चुके हैं।

बता दें कि, अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बाद परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने पहली बार बताया कि अभिनेता ल्यूकेमिया से पीड़ित थे, जिसे आमतौर पर ब्लड कैंसर के रूप में जाना जाता था।

परिवार के बयान में कहा, ‘हमारे प्रिय ऋषि कपूर का ल्यूकेमिया के चलते दो साल की लड़ाई के बाद आज सुबह 8:45 बजे अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने कहा कि वह अंतिम समय तक उनका मनोरंजन कर रहे थे। दो महाद्वीपों में दो साल के उपचार के दौरान वह इसे पूरी तरह से जीने के लिए दृढ़ था। परिवार, दोस्त, भोजन और फिल्में उनका केंद्र में बनी रहीं और इस दौरान उनसे मिलने वाला हर कोई इस बात से हैरान था कि उन्होंने अपनी बीमारी को किस तरह से हावी नहीं होने दिया। और वह अंत समय तक मुस्कुराते रहेl’

बयान में आगे कहा गया, ‘वह अपने प्रशंसकों के प्यार के लिए आभारी थे जो उन्हें दुनिया भर से मिला था। उनके निधन पर वे सभी समझेंगे कि वह एक मुस्कान के साथ याद किया जाना पसंद करेंगे न की आंसू के साथ। व्यक्तिगत नुकसान की इस घड़ी में हम यह भी समझते हैं कि दुनिया बहुत मुश्किल और परेशान समय से गुजर रही है। लॉकडाउन के चलते सार्वजनिक रूप से इकट्ठा होने पर कई प्रतिबंध हैं। हम उनके सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों और परिवार के दोस्तों से अनुरोध करना चाहते हैं कि वे लॉकडाउन के नियमों का सम्मान करें। वह भी यही चाहते।’

उनके निधन के साथ ही बॉलीवुड को दो दिन में दो बड़े झटके लगे हैं। एक दिन पहले ही इरफान खान का निधन हुआ था। ऋषि कपूर के निधन के बाद बॉलीवुड गलियारे से कलाकार ट्वीट कर अपना दुख जता रहा है। बॉलीवुड के जानेमाने एक्टर्स ने उनके निधन पर दुख जताया है।

Previous articleBigg Boss winner Siddharth Shukla forgets bitter fights as he reacts to adorable Ramadan greetings from Asim Riaz’s father, leaves fans speechless
Next articleकोरोना योद्धाओं पर किया था ऋषि कपूर ने आखिरी ट्वीट, जताई थी ये इच्छा