भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से दूसरी मौत, दिल्ली में 69 साल की बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम

0

देश में कोरोना वायरस के संक्रमण से दूसरी मौत दिल्ली में 69 वर्षीय एक महिला की हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार की इसकी पुष्टि की। वहीं, तेजी से फैल रहे इस वायरस को रोकने के लिए कई राज्यों ने स्कूलों, कॉलेजों, सिनेमाघरों को बंद कर दिया है और ज्यादातर सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।

कोरोना वायरस

अधिकारियों ने बताया कि महिला की मौत एक से ज्यादा बीमारियों (मधुमेह और उच्च रक्तचाप) की वजह से हुई है। हालांकि, उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि भी हुई है। उन्होंने बताया कि महिला राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थी। देश में इस संक्रमण से मौत का यह दूसरा मामला है। इस रोग से पहली मौत कर्नाटक के कलबुर्गी में 76 वर्षीय पुरुष की हुई थी। उसकी मौत मंगलवार को हुई थी लेकिन उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि गुरुवार को हुई।

वहीं, दूसरी ओर पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी निवासी और नोएडा में काम करने वाले एक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए 773 लोगों का पता लगा लिया गया है। इस संबंध में निर्धारित प्रोटोकॉल/दिशा-निर्देशों के तहत तमाम एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार रात से अभी तक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के और आठ मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 82 हो गए हैं। इनमें 17 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि इन 82 लोगों में दिल्ली की 68 वर्षीय महिला और कर्नाटक का 76 वर्षीय पुरुष भी शामिल हैं। दोनों की मौत एक से ज्यादा बीमारियों के कारण हुई है लेकिन दोनों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की भी पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि महिला अपने बेटे के संपर्क में आई थी, जो राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण का पांचवा मामला था। महिला का बेटा पांच से 22 फरवरी तक स्विटजरलैंड और इटली की यात्रा पर था। अधिकारियों ने बताया कि महिला की मौत एक से ज्यादा बीमारियों (मधुमेह और उच्च रक्तचाप) के कारण हुई है। लेकिन उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की भी पुष्टि हुई है।

देश में दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल सहित 11 राज्यों या केन्द्र शासित प्रदेशों में कुल 82 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleDays after declaring Siddharth Shukla as Bigg Boss winner, setback for Salman Khan and Disha Patani as shooting of ‘Radhe’ cancelled due to coronavirus
Next articleकांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कोरोना वायरस पर हिंदी में लिखी कविता, सोशल मीडिया पर हुई वायरल