प्रियंका गांधी का तंज, बोलीं- BJP के मंत्रियों का काम अर्थव्यवस्था सुधारना, ‘कॉमेडी सर्कस’ चलाना नहीं

0

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी को लेकर शनिवार (19 अक्टूबर) को सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों का काम कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है।

प्रियंका गांधी
फाइल फोटो: प्रियंका गांधी वाड्रा

उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता।’ प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा, ‘अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।’

दरअसल, गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गए भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को वाम की ओर झुकाव वाला बताया। गोयल ने पुणे में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार जीतने की बधाई देता हूं। आप सभी जानते हैं कि उनकी सोच पूरी तरह वाम की ओर झुकाव वाली है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’ योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया। बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगा रही है और इस समय उपलब्ध आंकड़े बहुत जल्द देश की अर्थव्यवस्था के उबरने का आश्वासन नहीं देते।

Previous articleExtraordinary development on KBC as Amitabh Bachchan finally breaks silence on #MeToo movement, calls Tanushree Dutta ‘very brave’
Next article#MeToo अभियान पर आखिरकार अमिताभ बच्चन ने KBC में तोड़ी चुप्पी, तनुश्री दत्ता को बताया ‘बहुत बहादुर’