वित्तीय संकट के बीच ज़ी समूह के स्वामित्व वाले अंग्रेजी अखबार डेली न्यूज़ एण्ड एनालिसिस (डीएनए) ने अपने अखबार को बंद करने का ऐलान किया है, जिससे अख़बार के लिए काम करने वाले पत्रकारों को एक बड़ा झटका लगा है। डीएनए अब केवल डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्ध रहेगा। अखबार ने अपने बुधवार के संस्करण में संपादक के हवाले से एक नोटिस जारी कर इस बारे में अपने पाठकों को जानकारी दी है।

नोटिस में कहा गया है कि, “हम पिछले 14 वर्षों में प्रिंट रीडरशिप के लिए आप सभी को धन्यवाद देते हैं। अगले आदेश तक मुंबई और अहमदाबाद में इस अखबार का प्रिंट एडिशन 10 अक्टूबर 2019 से बंद कर दिया जाएगा।” नोटिस में कहा गया है कि, हम नए और चैलेजिंग फेस में प्रवेश कर रहे हैं। डीएनए अब डिजिटल हो रहा है। पिछले कुछ महीनों के दौरान डिजिटल स्पेस में डीएनए काफी आगे बढ़ गया है।
नोटिस में यह भी लिखा गया है कि, जिन पाठकों के पास सबस्क्रिप्शन कूपन हैं, वे अपनी बकाया राशि के लिए राजेंद्र बथूला से ‘कॉन्टिनेंटल बिल्डिंग, 135, डॉ. एनी बेसेंट रोड, वर्ली, मुंबई-400018’ पर संपर्क कर सकते हैं।
नोटिस में लिखा है कि, वर्तमान ट्रेंड को देखें तो पता चलता है कि हमारे रीडर्स खासकर युवा वर्ग हमें प्रिंट की बजाय वेब-प्लेटफॉर्म पर पढ़ना ज्यादा पसंद करते हैं। न्यूज पोर्टल के अलावा जल्द ही डीएनए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा, जिसमें वीडियो बेस्ट ऑरिजिनल कंटेंट पर अधिक फोकस रहेगा।