घर से एके-47 राइफल और बम मिलने के बाद फरार चल रहे पटना जिले के मोकामा से बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने गुरूवार देर शाम अपना तीसरा वीडियो जारी करते हुए कहा कि वह पुलिस के समक्ष नहीं, अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे। बता दें कि, अनंत सिंह के घर से एक एके-47 राइफल और ग्रेनेड बरामद हुआ था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब एक सप्ताह से फरार हैं। वह इससे पहले दो ऐसे वीडियो जारी कर चुके हैं।
बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने इस दौरान 19 अगस्त को एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह गिरफ्तारी से नहीं घबराते हैं, 2 से 3 दिनों बाद अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर देंगे। अनंत ने गुरूवार को जारी एक नए वीडियो में कहा कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। वह पुलिस के सामने नहीं बल्कि अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। हमें अदालत पर भरोसा है।
उन्होंने पटना पुलिस के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पता चल गया है कि ‘‘राज्य की सत्ताधारी जदयू के सांसद ललन सिंह, मंत्री नीरज कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने मेरे खिलाफ साजिश रचकर एक रिश्तेदार के माध्यम से घर मे हथियार रखवाए थे।’’ आधुनिक हथियार और आग्नेयास्त्र बरामद बरामद होने के मद्देनजर अनंत सिंह के खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून- ‘‘गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम’’ (यूएपीए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
बाढ़ कोर्ट ने अनंत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। दरअसल, हाल ही में पुलिस ने उनके घर में छापेमारी करते हुए एके-47 राइफल बरामद की थी। जिसके बाद से ही अनंत सिंह फरार हैं। बता दें कि अनंत सिंह लगातार वीडियो जारी कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पा रही है।
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने हाल ही में लोकसभा चुनाव में मुंगेर सीट से कांग्रेस के टिकट पर ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लडा था पर पराजित रही थीं। (इंपुट: भाषा के साथ)