उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराधिक ग्राफ पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों की करतूतें चरम पर हैं, और राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार इससे जुड़े सवालों पर झूठे जवाब दे रही है।

प्रियंका गांधी ने मुजफ्फरनगर की एक घटना का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार के नेता प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध पर मेरे ट्वीट का कुछ भी झूठ मूठ जवाब दे दें, मगर पुरानी कहावत है ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या’।’ उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में अपराधियों की करतूतें चरम पर हैं और जनता पूछ रही है कि ऐसा क्यों?’
दरअसल, प्रियंका गांधी ने जो खबर शेयर की है उसके मुताबिक मुजफ्फरनगर में मंगलवार को अदालत में पेशी के दौरान बदमाशों ने दरोगा को गोली मारकर एक कुख्यात अपराधी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया था और मौके से फरार हो गए थे।
उप्र सरकार के नेता प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध पर मेरे ट्वीट का कुछ भी झूठ मूठ जवाब दे दें, मगर पुरानी कहावत है ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फ़ारसी क्या’।
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के कारनामे चरम पर हैं और जनता पूछ रही है कि ऐसा क्यों?https://t.co/VlDuEWMVFo
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 3, 2019
इससे पहले उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा था कि, ‘पूरे उत्तर प्रदेश में अपराधी खुलेआम मनमानी करते घूम रहे हैं। एक के बाद एक अपराधिक घटनाए हो रही हैं। मगर उप्र की भाजपा सरकार के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रही। क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है’?
प्रियंका गांधी के राजनीति में सक्रिय होने के बाद से सरकार के कामकाज खासतौर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यशैली पर अक्सर सवाल खड़े करती रहती हैं और सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर लगातार घेरती रही हैं। यूपी में 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी प्रियंका अब यूपी के हालातों को लेकर सरकार पर हमलावर हैं। (इंपुट:भाषा के साथ)