राजस्थान के जोधपुर जिले की एक स्थानीय कोर्ट में शनिवार को एक गाय लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गई। दरअसल, इस गाय के मालिकाना हक लेकर दो लोगों के बीच पिछले एक साल से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों ने इसके हल के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जिसके बाद शनिवार को सुनवाई के दौरान गाय को कोर्ट में पेश किया गया और अंतत: अदालत ने सभी सबूतों को ध्यान में रखते हुए इस गाय को ओम प्रकाश के हाथों सौंप दिया।
कोर्ट में जब गाय को पेश किया गया, तो वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। वकील ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि ओम प्रकाश और श्याम सिंह के बीच गाय के मालिकाना हक को लेकर 2018 से ही विवाद चल रहा था। आज कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि पेश किए गए सभी साक्ष्यों के मुताबिक गाय को ओम प्रकाश के हवाले कर दिया जाए।
Rajasthan: A cow was produced before a local court in Jodhpur y'day in connection with dispute over its ownership. Lawyer says '2 men,Om Prakash&Shyam Singh had dispute over its ownership since '18. Today court said that based on all evidence the cow be handed over to Om Prakash" pic.twitter.com/RL96lNweD4
— ANI (@ANI) June 15, 2019
बताया जा रहा है कि पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी यह विवाद सुलझ नहीं रहा था। कोर्ट के आदेश के बाद इस गाय को जज के सामने पेश किया गया। वकीलों ने बताया कि कोर्ट ने सभी सबूतों को ध्यान में रखते हुए गाय को ओम प्रकाश को सौंप दिया। राजस्थान में जानवर के अदालत में पेश होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2012 में राज्य के कोटा अदालत में भी भैंस की पेशी हो चुकी है।
इसके अलावा इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे में भी इस तरह का मामला देखने को मिला था। जहां एक महिला ने मुर्गे की बांग से परेशान होकर थाने में शिकायत की थी। महिला मुर्गे की बांग से इतना परेशान हो गई की वह मुर्गे और उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के लिए थाने पहुंच गई थी।
अधिकारी ने बताया था कि हमें महिला की शिकायत मिली है। जब हमने जांच की तो पता चला कि वह उस घर में नहीं रहती है। यह घर उसकी बहन का है। वह अपनी बहन के घर कुछ दिनों के लिए आई थी और शिकायत देने के बाद वहां से चली गई। उन्होंने बताया था कि इस बाबत अबतक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।