राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने मुगल शासक अकबर के बारे में विवादित बयान देते हुए कहा कि वह (अकबर) औरतों के भेष में मीना बाजार जाता था और वहां महिलाओं के साथ दुष्कर्म करता था। वह इतिहास में दर्ज है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सैनी के इस बयान को निंदनीय बताया है। मदन लाल सैनी ने यह बयान जयपुर स्थित बीजेपी के मुख्यालय में महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में दिया।

अकबर महान या महाराणा प्रताप यह पूछे जाने पर सैनी ने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता को उसके चरित्र से आंका जाना चाहिए। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मदन लाल सैनी ने आगे कहा, ‘अकबर ने मीना बाजार लगाया और मीना बाजार में सारे काम महिलाएं करती थीं। अकबर छद्म वेश में औरत का वेश बनाकर वहां जाता था और वहां दुष्कर्म करता था।’ हालांकि, सैनी ने बाद में कहा, ‘दुष्कर्म से मेरा मतलब छेड़छाड़ है। तो चरित्र देखना पड़ेगा कि महान कौन हो सकता है।’
सैनी ने दावा किया कि बीकानेर की रानी किरन देवी के साथ अकबर ने दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि दुर्व्यवहार करने पर रानी ने सम्राट के गले पर तलवार रख दी थी और अकबर को अपने जीवन के लिए रानी से भीख मांगनी पड़ी थी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर जयपुर में भाजपा दफ्तर में सैनी ने दावा किया कि मीना बाजार अकबर की गंदी हरकतों के लिए बदनाम था। इसे अकबर राज में शुरू किया गया था। सैनी ने कहा कि जिन तरीकों से अकबर गंदी हरकतें करता था, वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं और किरण कुमारी ने इसे रोका था। वह उसका यौन शोषण करना चाहता था। लेकिन किरण सतर्क थीं।
Madan Lal Saini, BJP: Akbar wanted to molest Kiran Devi but she was alert, she slammed him on the ground & put a dagger on his chest. Akbar had begged for his life saying 'Baadshah of Hindustan is below your feet', after this incident, Meena Bazaar was closed down. (6.6.19) https://t.co/US4LBJGtc5
— ANI (@ANI) June 7, 2019
भाजपा नेता ने कहा कि जब अकबर ने छेड़छाड़ की कोशिश की तो उसने अकबर की छाती पर कटार से वार किया। सैनी ने आगे कहा, ”इसके बाद अकबर ने यह कहकर जान की भीख मांगी कि भारत का बादशाह तुम्हारे कदमों में है। उस दिन के बाद से मीना बाजार को बंद कर दिया गया।” राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ऐसी हरकत करने वाले शख्स की महाराणा प्रताप से तुलना करना इतिहास के साथ मजाक करना है और यह आने वाले इतिहास को प्रेरणा नहीं देगी। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने इस बयान पर कहा है, ‘उन्होंने जैसी भावनाएं व्यक्त की हैं, वे बेहद निंदनीय हैं।’