दिल्ली: मतदान के दौरान अलग-अलग जगहों से ईवीएम में खराबी की मिली शिकायतें

0

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के दौरान राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीटों पर रविवार को हो रहे मतदान के दौरान अलग-अलग जगहों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें मिली हैं।

ईवीएम
प्रतिकात्मक फोटो

मटिया महल क्षेत्र के निवासी आदर्श गुप्ता ने दावा किया कि मतदान केंद्र 84,85 और 86 पर सुबह के समय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन काम नहीं कर रही थीं। आम आदमी पार्टी (आप) के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र संख्या 116,117 और 122 पर ईवीएम काम नहीं कर रही हैं। भारती ने ट्वीट किया ‘‘हौजरानी के मतदान केंद्र 132 पर बिना कोई वोट डले ही ईवीएम 50 वोट दिखा रही है।’’ बहरहाल, मुख्य चुनाव कार्यालय की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जेपी अग्रवाल के बेटे मुदित अग्रवाल ने मटिया महल और बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम में खराबी का आरोप लगाया। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, उन्हें रोहिणी के बेगमपुर में ईवीएम के काम नहीं करने के बारे में सूचना मिली थी लेकिन ईवीएम को ठीक कर दिया गया। तिलक नगर से ‘आप’ के विधायक जरनैल सिंह ने भी मतदान केंद्र संख्या 27 में ईवीएम में खराबी का आरोप लगाया।

सिंह ने कहा, ‘‘तिलकनगर विधानसभा के पृथ्वी पार्क मतदान केंद्र में ईवीएम सुबह से ही काम नहीं कर रही है। मतदान केंद्र की संख्या 27 है। यह वही इलाका है जहां आप का वोट बैंक काफी है।’’ उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने दावा किया कि खराब ईवीएम को 10 मिनट में बदला जा रहा है, लेकिन जमीन पर ऐसे दावे कुछ और ही कहानी बयान कर रहे हैं।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मतदाताओं को नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में अपना नाम ही नहीं मिला। गहलोत ने कहा कि यह सच है कि बड़े स्तर पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। ये सभी नजफगढ़ के जय विहार के निवासी हैं।

राजधानी में त्रिकोणीय मुकाबला

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस चुनाव में कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस हासिल करने की कोशिश में लगी हुई है। पार्टी 2014 के आम चुनाव में तीसरे नंबर पर रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान फिल्मी सितारों ने जमीन पर उतरकर कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ के लिए वोट मांगे। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 164 प्रत्याशी अपनी किस्मत अजमा रहे हैं, जिनमें 18 महिलाएं हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से प्रमुख उम्मीदवार मनोज तिवारी (भाजपा), शीला दीक्षित (कांग्रेस), दिलीप पांडे (आप) हैं। चांदनी चौक से प्रमुख उम्मीदवार हषर्वर्धन (भाजपा), जय प्रकाश अग्रवाल (कांग्रेस), पंकज गुप्ता (आप) हैं। पूर्वी दिल्ली से मुख्य उम्मीदवार गौतम गंभीर (भाजपा), आतिशी (आप), अरविंदर सिंह लवली (कांग्रेस) हैं। दक्षिण दिल्ली से प्रमुख उम्मीदवार: रमेश बिधूड़ी (भाजपा), विजेंद्र सिंह (कांग्रेस), राघव चड्ढा (आप) हैं। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleएयर स्ट्राइक पर पीएम मोदी के बयान वाले ट्वीट को डिलीट कर बुरी फंसी बीजेपी, कांग्रेस ने ऐसे कसा तंज
Next article(WATCH) Some people will say how could MODI kill terrorists when polling is underway?: PM Modi