व्हाट्सएप का नया फीचर: अब बिना इजाजत किसी को ग्रुप में जोड़ नहीं पाएंगे एडमिन, आपके कंट्रोल में होगा किसी भी ग्रुप में जुड़ना

0

आगामी आम चुनाव 2019 के मद्देनजर पारदर्शिता लाने के प्रयासों के तहत व्हाट्सएप ने एक नई पहल की है। कंपनी उपयोक्ताओं को यह तय करने की सुविधा देने जा रही है कि उन्हें किसी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा जा सकता है या नहीं।फेसबुक की स्वामित्व वाली सोशल मीडिया कंपनी व्हाट्सएप ने एक बयान में कहा, ‘‘व्हाट्सएप ग्रुप परिजनों, दोस्तों, सहकर्मियों, सहपाठियों एवं अन्य लोगों को एक साथ जोड़ने का माध्यम बना रहेगा। चूंकि लोग महत्वपूर्ण संवाद के लिए ग्रुप से जुड़ते हैं, उन्होंने अपने अनुभव के बारे में अधिक नियंत्रण की मांग की।’’

WhatsApp

कंपनी ने प्राइवेसी सेटिंग में एक नए फीचर की शुरुआत की है। इसके जरिए उपयोक्ता यह तय कर सकते हैं कि उन्हें किसी व्हाट्सएप ग्रुप में कौन जोड़ सकता है। इसके लिए तीन विकल्प दिए गए हैं। व्हाट्सएप द्वारा दिए गए पहले विकल्प के तहत उपयोक्ता को कोई भी किसी ग्रुप में नहीं जोड़ सकता है।

दूसरे विकल्प के तहत उपयोक्ता को सिर्फ वही लोग ग्रुप में जोड़ सकते हैं जो पहले से उनकी कांटैक्ट सूची में जुड़े हुए हों। तीसरे विकल्प में हर किसी को ग्रुप में जोड़ने की सुविधा दी गई है। बता दें कि अभी तक किसी उपयोक्ता को कोई भी बिना उसके इजाजत व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ सकता था। लेकिन अब इनके अलावा व्हाट्सएप ने एक अन्य फीचर की भी शुरुआत की है।

यदि कोई आपको किसी ग्रुप में जोड़ता है तो प्राइवेट चैट के जरिए इसका लिंक आपको मिलेगा। यदि आप तीन दिन के भीतर निमंत्रण स्वीकार कर लेते हैं तो आप ग्रुप में शामिल हो जाएंगे। यदि आपने तीन दिन तक निमंत्रण स्वीकार नहीं किया जो वह स्वत: समाप्त हो जाएगा। कंपनी ने कहा कि इन फीचरों की शुरुआत बुधवार (3 अप्रैल) से की गई है। उसने कहा कि आने वाले सप्ताह में ये फीचर दुनिया भर में उपलब्ध हो जाएंगे।

Previous articleट्रोल होने के बाद अब संबित पात्रा ने ‘उज्ज्वला योजना’ के समर्थन में जारी किया नया वीडियो
Next articleDangerous game? Former diplomats question Abu Dhabi Crown Prince on reports of Narendra Modi inaugurating Hindu temple during elections