VIDEO: केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा का कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर विवादास्पद बयान, बोले- अब तो ‘पप्पू की पप्पी’ भी आ गई

0

नोएडा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मायावती, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी सहित कई विपक्षी नेताओं को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘पप्पू’ तो पार्टी महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी को ‘पप्पू की पप्पी’ बताया। उनके इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महेश शर्मा
फाइल फोटो: केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा

बीजेपी के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “अगर ममता बनर्जी यहां आकर कथक नाच करने लगें तो उनकी कौन सुन रहा है, कुमार स्वामी कर्नाटक का सीएम यहां आकर गीत गाने लगे तो कौन सुन रहा उनकी। 72 सीट इनकी हैं, 200 कहां से लाएंगे। आज भी इन लोगों ने यहां की माटी के, किसान के लाल चौधरी चरण सिंह, जो वास्तव में किसानों के मसीहा थे, उनकी भी यही दुर्गति की थी। पहले तो सरकार बनवा दी, फिर पीछे से तख्ता खींच लिया।”

इसके साथ ही महेश शर्मा ने आगे कहा, “ये मजबूत सरकार नहीं चाहते, ये कमजोर सरकार चाहते हैं। साथ में कहते हैं हम अपने पप्पू का साथ लेंगे। पप्पू तो पप्पू ही रह गया बेचारा। उस दिन हम भी थे पार्ल्यामेंट में, सामने मोदीजी बैठे थे। एक पंक्ति पीछे हम भी बैठे थे। क्या आंख मारी साहब मैं भी पीछे बैठा था, घायल हो गया मैं भी।”

केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “अब वो पप्पू कहता है कि मैं प्रधानमंत्री बनूंगा। तो मायावती, अखिलेश यादव पप्पू अब तो ‘पप्पू की पप्पी’ भी आ गई। क्या पहले प्रियंका गांधी इस देश की बेटी नहीं थीं, क्यां कांग्रेस की बेटी नहीं थीं? क्या सोनिया परिवार की बेटी नहीं थीं? क्या नया लेकर आई हैं वो। पहले नेहरू, फिर राजीव गांधी, फिर संजय गाधी, फिर राहुल गांधी, फिर प्रियंका गांधी और कोई और भी अंदर होतो तो वो भी गांधी। देश पर तुम लोगों ने कोई एसहान कर रखा है क्या? इन सबसे ऊपर उठकर देखना है तो आज हमारा शेर बब्बर शेर नरेंद्र मोदी आज आपके सामने खड़ा है।”

बता दें कि केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा अक्सर अपने बयानों की वजह से मीडिया की सुर्खियों में बने रहते है। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह भगवान पर टिप्पणी करते दिख रहे हैं। उनके इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने महेश शर्मा पर भगवान को बेवकूफ बोलने का आरोप लगाया था।

इस वीडियो में महेश शर्मा कह रहे हैं, ‘जब भगवान सबकी इच्छाएं पूरी नहीं कर सकते तो एक सांसद कैसे कर सकता है। हम सब भगवान के बच्चे हैं। जब भगवान ने हमें दुनिया में भेजा है तो उसकी जिम्मेदारी बनती है कि हमारे के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, रोजगार, हमारे बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम करें।’

Previous articleलोकतंत्र की हत्या? गोवा में रात 2 बजे शपथ ग्रहण समारोह को लेकर लोगों ने उठाए सवाल
Next articleआंध्र प्रदेशः सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जेडीयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर को बताया ‘बिहारी डकैत’