VIDEO: केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के बिगड़े बोल, कहा- जो हिंदू लड़कियों को छुए, उसके हाथ नहीं बचने चाहिए

0

अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले कर्नाटक के सिरसी से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद व केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े एक बार फिर से अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए है। केन्द्रीय मंत्री ने रविवार को कर्नाटक के कोडागु में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कोई हिंदू लड़की का हाथ छूता है तो उसके हाथ बचने नहीं चाहिए। बता दें कि अनंत कुमार हेगड़े वही बीजेपी के मंत्री हैं जिन्होंने पिछले साल संविधान बदलने जैसा विवावित बयान दिया था।

अनंत कुमार हेगड़े
फाइल फोटो: अनंत कुमार हेगड़े

केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, जो हिंदू लड़कियों को छुए, उसके हाथ नहीं बचने चाहिए। इतिहास इसी तरह लिखा जाता है और जब आप इतिहास लिखते हैं, तो आपके अंदर हिम्मत आती है। आप इतिहास पढ़ते हैं तो आपके अंदर डरने वाली भावनाएं आती हैं। अब यह आप लोगों को तय करना है कि आप इतिहास लिखना चाहते हैं या फिर इतिहास पढ़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोगों की ही जिम्मेदारी है कि हम समाज की प्राथमिकताओं के बारे में फिर से सोचें। हमें जाति के बारे में नहीं सोचना चाहिए, बल्कि हम लोगों के आसपास जो कुछ हो रहा है उसपर हमारी नजरें होनीं चाहिए।

हेगड़े ने इसके साथ ही ताजमहल पर टिप्पणी करते हुए कहा, ताजमहल मुस्लिमों ने नहीं बनाया था, इतिहास इसका गवाह है कि इसका निर्माण मुस्लिमों ने नहीं करवाया था। शाहजहां ने अपनी जीवनी में कहा है कि उन्होंने यह जमीन राजा जयसिम्हा से खरीदी थी। एक शिव मंदिर है, जिसे राजा परमतीर्थ ने बनवाया था, जिसका नाम तेजो महालया था। तेजो महालया का नाम बदलकर ताजमहल कर दिया गया। अगर हम सोते रहे तो हमारे ज्यादात्तर घरों के नाम मंजिल हो जाएंगे। भविष्य में भगवान राम को जहांपनाह और सीता को बीबी के नाम से बुलाया जाएगा।

बता दें कि अनंत कुमार हेगड़े इससे पहले भी विवादित बयान देकर चर्चा में रह चुके हैं। पिछले साल उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि बीजेपी ‘संविधान बदलने के लिए’ सत्ता में आई है। हालांकि, अनंत कुमार हेगड़े ने संविधान में संशोधन के अपने विवादित बयान पर लोकसभा के अंदर माफी भी मांगी थी और कहा था कि उनके बयान को ‘तोड़-मरोड़कर’ पेश किया गया।

Previous articleजब ‘सर्कस’ में तब्दील हुआ अर्नब गोस्वामी का शो, बंगाली, हिंदी, भोजपुरी और तेलुगु में बहस करने लगे पैनलिस्ट
Next articleभूपेन हजारिका पर टिप्पणी कर बुरे फंसे कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, केस दर्ज