सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने आधिकारिक तौर पर राजनीति में कदम रख दिया है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव चलते हुए प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव नियुक्त कर पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंप दी है। प्रियंका गांधी के आधिकारिक तौर पर राजनीति में उतरने के बाद नेताओं और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है।
वहीं, प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई लोगों का कहना है कि प्रियंका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बनारस से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं, दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर इस दिशा में संकेत भी दिए हैं।
कपिल सिब्बल ने अपने ट्वीट में लिखा, “मोदी जी और अमित शाह ने कहा था, कांग्रेस मुक्त भारत! अब प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश (पूर्वी) में आने के बाद हम देखेंगे… मुक्त वाराणसी? … मुक्त गोरखपुर?”
कपिल सिब्बल के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी की किसी लोकसभा सीट से उतारा जा सकता है। वहीं, दूसरी और ऐसी भी चर्चा है कि पीएम मोदी के खिलाफ मुकाबले में उन्हें वाराणसी से पार्टी अपना चेहरा बना सकती है।
Modiji and Amit Shah called for a :
Congress mukt Bharat
With the entry of Priyanka Gandhi in UP (East) will we see a :
………….mukt Varanasi ?
………….mukt Gorakhpur ?
— Kapil Sibal (@KapilSibal) January 24, 2019
वहीं, सोशल मीडिया पर कई लोगों का कहना है कि प्रियंका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बनारस से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि प्रियंका को रायबरेली सीट से उतारा जा सकता है। अभी यहां से उनकी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। अस्वस्थता के चलते पिछले काफी समय वह चुनाव प्रचार से दूर हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा था कि उनके (प्रियंका) आने से उत्तर प्रदेश में एक नए तरीके की सोच आएगी और राजनीति में ‘सकारात्मक‘ बदलाव आएगा। क्या प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरी बहन बहुत कर्मठ है। यह (चुनाव लड़ना) उनके ऊपर है। ये उन्हें (प्रियंका) तय करना है।