#MeToo अभियान ने अब ऑल इंडिया रेडियो में दी दस्तक, मेनका गांधी ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लिखा पत्र

0

देश भर में चल रहे ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) के तहत हर रोज चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अमेरिका से शुरू हुए ‘मीटू’ आंदोलन ने भारत में भी भूचाल मचा दिया है। मी टू अभियान के तहत हर रोज बॉलीवुड सहित अलग-अलग संस्थान में कार्यरत महिलाएं आगे आकर अपनी आपबीती बयां कर रही हैं, जिसका सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। पिछले कुछ वक्त में ऑल इंडिया रेडियो में यौन शोषण के कई मामले सामने आए हैं।

इसी बीच अब महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पत्र लिखकर पूरे भारत में ऑल इंडिया रेडियो स्टेशनों पर मिले यौन उत्पीड़न की शिकायतों की श्रृंखला की जांच करने के लिए कहा है। हाल ही में हुए #MeToo अभियान के तहत ऑल इंडिया रेडियो में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने यौन दुर्व्यवहार की शिकायत की है।

यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद पीड़ित महिलाओं को काम नहीं दिया गया है। पिछले हफ्ते ऑल इंडिया रेडियो कैजुअल अनाउंसर एंड कम्पेरेस यूनियन (AICACU) ने मेनका गांधी को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसके बाद उन्होंने ये मांग की। AICACU की मेनका गांधी को चिट्ठी के बाद केंद्रीय मंत्री ने जांच के लिए कहा है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामले अधिकतर कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ ही हुए हैं। इनमें से कुछ महिलाएं यहां दो दशकों से काम कर रही थीं लेकिन शिकायत करने के बाद से अब उन्हें काम नहीं दिया जा रहा है। सभी आरोपी ऑल इंडिया के परमानेंट कर्मचारी है। आरोप लगने के बाद कुछ को आरोपमुक्त कर दिया गया तो कुछ को ट्रांसफर कर दिया गया है।

बता दें कि अभिनेता नाना पाटेकर पर एक फिल्म की शूटिंग के दौरान 2008 में अपने साथ दुर्व्यवहार करने का अदाकारा तनुश्री दत्ता द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद देश में शुरू हुआ ‘‘मी टू’’ अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। कई महिलाओं ने सामने आकर विभिन्न शख्सियतों के खिलाफ अपनी शिकायत व्यक्त की है।

यौन दुर्व्यवहार के आरोपियों में पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, साजिद खान, रजत कपूर और अभिनेता आलोक नाथ आदि शामिल हैं। अकबर ने अपने खिलाफ लगे इन आरोपों को लेकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

Previous articleMeToo movement hits India’s public broadcaster, Maneka Gandhi writes to I&B Minister after several women allege sexual harassment
Next articleदिल्ली: सिग्नेचर ब्रिज पर किन्नरों ने न्यूड होकर की अश्लील हरकतें, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी