इस वक्त देश में विशेष तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित राज्यों में शहरों और सड़कों का नाम बदलने का दौर चल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही इलाहाबाद का नाम प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या करने का ऐलान कर चुके हैं। इस बीच इलाहाबाद और फैजाबाद के बाद अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मुजफ्फरनगर जिले का भी नाम बदलने की तैयारी कर रही है।
PHOTO: TOIउत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बीजेपी विधायक संगीत सोम ने कहा है कि राज्य में अभी और कई शहरों के नाम बदले जाएंगे। सोम ने कहा कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मी नगर किया जाएगा। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में सोम ने कहा, “अभी तो बहुत शहरों के नाम बदले जाने हैं। मुजफ्फरनगर का नाम बदला जाना है। मुजफ्फरनगर का नाम लक्ष्मीनगर लोगों की पहले से मांग है। मुजफ्फरनगर नाम एक नवाब मुजफ्फर अली ने किया था। लोगों की सदियों से डिमांड है कि इसका नाम मुजफ्फरनगर किया जाए।”
सोम ने आगे कहा, “मुगलों ने यहां की संस्कृति को मिटाने का काम किया है। खासतौर से हिंदुत्व को मिटाने का काम किया है। हम लोग उस संस्कृति को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। बीजेपी उस पर आगे बढ़ेगी।”
Mughalon ne yahan ki sanskriti ko mitaane ka kaam kiya hai, khaastaur se Hindutva ko mitaane ka kaam kiya hai. Humlog uss sanskriti ko bachane ke liye kaam kar rahe hain. BJP uspe aage badhegi: Sangeet Som, BJP MLA pic.twitter.com/b4HEOpLaXd
— ANI UP (@ANINewsUP) November 9, 2018
आपको बता दें कि देशभर में राम मंदिर के मुद्दे पर छिड़ी बहस के बीच मंगलवार को अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या किए जाने की घोषणा की। इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज करने के कुछ ही दिनों बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को घोषणा की कि फैजाबाद जिला अब से अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। छोटी दिवाली पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान योगी ने अयोध्या को कई सौगातें दीं।
फैजाबाद से पहले ही यूपी की योगी सरकार कई स्थानों के नाम बदल चुकी है। इससे पहले इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और मुगलसराय जंक्शन का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर चुकी है। यूपी के अलावा अन्य राज्यों में भी नाम बदलने की कवायद शुरू हो गई है। बीजेपी शासित राज्य गुजरात में भी अहमदाबाद का नाम बदलने की कोशिशें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार अहमदाबाद शहर के नाम को बदलने पर विचार कर रही है।