2019 चुनाव से पहले ‘राहुल टीम’ में हुए कई बड़े बदलाव, मोती लाल वोरा की जगह अहमद पटेल बने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष

0

साल के आखिरी में देश के तीन प्रमुख राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव और अगले साल 2019 के आम चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी में बड़ा सांगठनिक बदलाव किया है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल को उनके जन्मदिवस के दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें कि अभी तक यह पद वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के पास हुआ करता था।

File Photo: PTI

राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए मंगलवार (21 अगस्त) को अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं अब तक इस जिम्मेदारी को संभाल रहे मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा को डॉ. कर्णसिंह के स्थान पर विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा भी कई नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, लुईजिन्हो फलेरियो को पार्टी में पूर्वोत्तर राज्यों के मामलों का दायित्व दिया गया है। हालांकि असम उनके दायरे से बाहर होगा। फलेरियो डॉ. सीपी जोशी का स्थान लेंगे। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

बता दें कि सोनिया गांधी जब कांग्रेस की अध्यक्ष थीं तो पार्टी में अहमद पटेल की तूती बोला करती थी। दरअसल कांग्रेस के सबसे शीर्ष परिवार यानी गांधी परिवार के प्रति अहमद पटेल की वफादारी का नतीजा था कि सोनिया गांधी ने उन्हें अपना राजनीतिक सलाहकार बनाया था।

 

 

 

 

Previous articleData that showed higher growth during UPA rule removed by Modi government
Next articleगुजरात मॉडल में ऐसा भी होता है, सिविल अस्पताल में सफाई कर्मचारी ने लगाए मरीज को टांके, देखिए वीडियो