मध्य प्रदेश के मंदसौर में सामूहिक बलात्कार के दौरान वहशत की शिकार सात वर्षीय स्कूली छात्रा की यहां शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में सर्जरी के बाद उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। एमवायएच के एक आला अधिकारी ने शनिवार (30 जून) को यह जानकारी दी थी। बच्ची के साथ हुई बर्बरता का एक तरफ जहां पूरे देश में विरोध किया जा रहा है और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा की मांग की जा रही है।
वहीं, अब समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने इस घटना के बहाने एसपी सांसद व मशहूर अभिनेत्री रह चुकीं जया बच्चन पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि निर्भया कांड पर संसद में आंसू बहाने वाली जया बच्चन अपने मायके में हुई इस घटना पर चुप हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सिलेब्रेटी मंदसौर की घटना के खिलाफ आवाज नहीं उठा रहे हैं।
अमर सिंह ने सोमवार(2 जुलाई) को अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अपना एक विडियो ट्वीट कर कहा कि निर्भया रेप की घटना ने रेप पीड़िताओं के प्रति देश के लोगों में जागरूकता और सहानुभूति पैदा किया। कई सारे सेलिब्रेटी और सामाजिक कार्यकर्ता आगे आए। जया बच्चन तो संसद में रो पड़ीं, जया बच्चन सहित पूरा सिलेब्रेटी समुदाय मंदसौर में रेप की घटना पर चुप है।’
अमर सिंह ने आगे कहा कि, ‘निर्भया का बलात्कार हुआ तो बड़ी संख्या में सोशल ऐक्टिविस्ट मोमबत्तियां लेकर सड़क पर उतर आए। इसके बाद कानून में आमूल-चूल बदलाव हुआ। यह बदलाव इस कदर हुआ कि अगर किसी के साथ 20 साल या 30 साल पहले अगर कुछ हुआ है तो उसे भी रेप की संज्ञा दे दी गई। फिल्म ऐक्टर जितेंद्र के खिलाफ किसी ने बलात्कार का मुकदमा कर दिया। भारत में ‘मी टु’ कैंपेन चला।’
उन्होंने आगे कहा, ‘आपसी सहमति से 2 साल तक साथ रहने वाली रहने वाली महिलाएं भी अब ब्लैकमेल पर उतारू हैं। इतना असर पड़ा निर्भया आंदोलन का। जया बच्चन तो निर्भया के गम में संसद में रोने लगीं। अब मंदसौर में लोमहर्षक कांड हुआ है लेकिन सिलेब्रेटी सामने नहीं आ रहे हैं। जया बच्चन जी अब आप नहीं रो रही हैं। यह तो आपके मायके की घटना है, जहां आप पली-बढ़ी हैं।’
अमर सिंह ने सवाल किया, ‘जया जी क्या आपके आंसू सूख गए हैं। निर्भया के लिए आप रोईं और चिल्लाई थीं, अब मंदसौर के लिए भी चिल्लाइए। अपने बिरादरी के लोगों से कहिए, अपनी बहू से कहिए जो राष्ट्रीय सिलेब्रेटी हैं। अपने पति को कहिए जो बिग बी हैं, इससे एक माहौल बनेगा। सिलेक्टिव होकर केवल प्रचार की सुर्खियों के लिए रोना ठीक नहीं है। आंसू अगर बह रहे हैं तो निर्भया के लिए भी बहें और मंदसौर की मासूम बच्ची के लिए भी बहें। आंसू सूखे नहीं।’
गौरतलब है कि, मंदसौर में 26 जून को छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर से मासूम बच्ची का अपहरण करके उसके साथ बलात्कार किया गया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची पर बर्बरता से हमले किए, उसके प्राइवेट पार्ट्स को नुकसान पहुंचाया। साथ ही गला रेतकर हत्या की कोशिश की। इस मामले में कार्रवाई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पकड़े गए पहले आरोपी इरफान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बालिका से बलात्कार की वारदात में उसके साथ मंदसौर के मदरपुरा का रहने वाला आसिफ भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले के दूसरे आरोपी को भी धर दबोचा। सामूहिक बलात्कार पीड़ित बच्ची मंदसौर से करीब 200 किलोमीटर दूर इंदौर के एमवाइएच में 27 जून की रात से भर्ती है।
देखिए वीडियो :
Nirbhaya rape incident evoked lot of awakening & sympathy about rape victims. Celebrities came forward & Mrs Jaya Bachchan even cried in parliament. Including her & the entire celebrity clan is quite on brutal rape of an minor in #Mandsaur @SrBachchan pic.twitter.com/Par3jKaTeF
— Amar Singh (@AmarSinghTweets) July 2, 2018