महाराष्ट्र: CM फडणवीस की पत्नी के कॉन्सर्ट को लेकर विवादों में घिरी BJP सरकार, पुलिस को दी गई टिकट बेचने की जिम्मेदारी

0

महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस से संबंधित एक कॉन्सर्ट का टिकट बेचने के लिए कथित तौर पर कहे जाने की खबरें आने के बाद विवाद शुरू हो गया है। यह खबर मीडिया में आने के बाद कांग्रेस ने औरंगाबाद के पुलिस आयुक्त से इस मामले पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

File Photo: India Today

खबरों के अनुसार अमृता ‘पुलिस रजनी’ नामक कार्यक्रम की सद्भावना दूत हैं। इसका आयोजन औरंगाबाद पुलिस द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के एक टिकट की कीमत 51,000 है और कार्यक्रम के लिए कुल 400 सीटें होंगी। मीडिया में आई खबरों की मानें तो इतने मंहगे टिकटों को बेचने की जिम्मेदारी राज्य के पुलिसकर्मियों को दी गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सचिन सावंत ने कहा कि पुलिस आयुक्त को स्पष्ट करना चाहिए कि किसके आदेश पर पुलिस से टिकट बेचने के लिए कहा गया है। उनको स्पष्ट करना चाहिए कि क्या टिकट असामाजिक तत्वों को बेचा गया? अगर ऐसा हुआ है तो फिर इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

उधर, औरंगाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस लाइव कंसर्ट का टिकट बेचने के लिए 15 थानों के अधिकारियों को कहा गया है। दरअसल, बुधवार को औरंगाबाद में यह कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री कमल किशोर कदम की संस्था महात्मा गांधी मिशन और औरंगाबाद शहर पुलिस ने मिलकर किया है।

 

Previous articleTerror funding case: NIA raids 12 locations in Kashmir
Next articleशो का जज बदलने पर कपिल शर्मा से नाराज हुए नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील ग्रोवर भी बढ़ा सकते है परेशानी