रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर पूछा सवाल तो भड़क गए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना, पूछा- “जनता को बताइए कि डायन महंगाई से भाजपा को इतना प्रेम क्यों हो गया?”

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसको लेकर वो अब लोगों के निशाने पर आ गए हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि, एक पत्रकार ने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर जब उनसे सवाल पूछा तो वह भड़क गए और चलो हटो कहते हुए वहां से निकल गए। इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

केशव प्रसाद मौर्य

दरअसल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एक वीडियो समाजवादी पार्टी और यूपी कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया है। इस वीडियो में केशव प्रसाद मौर्या एक पत्रकार को अपने रास्ते से हटाते दिख रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्या से इस पत्रकार ने कमर्शियल सिलिंडर के बढ़े दामों को लेकर सवाल पूछा था। केशव प्रसाद इस सवाल पर भड़क गए और पत्रकार को जवाब दिए बिना वहां से चले गए।

यूपी कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से केशव प्रसाद मौर्य का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “महंगाई के सवाल से भागिए मत केशव प्रसाद मौर्य जी। जनता की दीपावली में भाजपा ने खलल डाल दिया है। जवाब तो देना होगा। जनता को बताईये कि डायन महंगाई से भाजपा को इतना प्रेम क्यों हो गया है?”

कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता ने लिखा, “महंगाई से इनको भी डर लगता है!”

वहीं, समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, “पत्रकार ने महंगाई पर सवाल क्या पूछ लिया, उप मुख्यमंत्री तो क्रोधित हो गए! उप मुख्यमंत्री जी आपको सवालों का जवाब तो देना ही पड़ेगा क्योंकि 2017 में आप महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आए थे। आपकी सरकार ने जनता के साथ छल किया है। 2022 में जनता BJP का सफाया कर देगी।”

सपा नेता आशीष यादव ने लिखा, “नफ़रत फैलाने के लिए हैं बहुत बोलते हैं, महंगाई के सवाल पर भगा देते हैं। जनहित के मुद्दों पर भाजपा का “भागता परिवार”!”

बता दें कि, देश में लगातार बढ़ती मंहगाई, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रही है।

Previous articleT20 World cup: बायो बबल के कथित उल्लंघन पर इंग्लैंड के अंपायर माइकल गॉ पर छह दिन का प्रतिबंध
Next article“जनता की मांग पर मैं फरवरी में फिर से पिच पर वापसी करूंगा”: युवराज सिंह ने किया मैदान पर उतरने का ऐलान, फैंस के नाम लिखा खास संदेश