भाजपा समर्थक अभिनेत्री कंगना रनौत और सिंगर अदनान सामी को पद्म श्री अवॉर्ड्स से किया गया सम्मानित

0

भाजपा समर्थक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ-साथ सिंगर अदनान सामी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सेरिमनी सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में हुई, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान के लिए विभिन्न हस्तियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अवॉर्ड्स से सम्मानित किया।

पद्म श्री अवॉर्ड्स

इस बार 10 हस्तियों को पद्म भूषण, 102 हस्तियों को पद्मश्री और 7 हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों में 29 महिलाएं, 16 मरणोपरांत पुरस्कार विजेता और 1 ट्रांसजेंडर पुरस्कार विजेता शामिल हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी हस्तियों को सम्मानित किया। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

कंगना रनौत को सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। समारोह में कंगना के साथ उनकी बहन रंगोली भी मौजूद थीं। वहीं, अदनान सामी को कला और संगीत की दुनिया में योगदान के लिए इस सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ में उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। पॉप्युलर ऐक्ट्रेस सरिता जोशी को कला और थिअटर के लिए पद्मश्री सम्मान दिया गया। सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम को मरणोपरांत पद्म विभूषण से नवाजा गया।

पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित होने पर अदनान सामी ने कहा कि, “आज मुझे जो सम्मान​ दिया गया उसके लिए मैं भारत सरकार और भारत के लोगों का बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं। मैं आज अपने जज़्बात को ठीक तरह से बयान नहीं कर सकता, मैं बहुत खुश हूं। मैं इसे (पुरस्कार) अपने माता-पिता को समर्पित करना चाहूंगा।”

अदनान सामी पहले पाकिस्‍तान के नागरिक थे। वह कुछ समय तक भारत में वीजा पर रहे और यहां कई फिल्‍मों और एलबम के लिए गाने गाए। बाद में उनको भारत की नागरिकता दे दी गई।

गौरतलब है कि, पद्मश्री अवॉर्ड्स की घोषणा पिछले साल गणतंत्र दिवस पर की गई थी। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बॉलिवुड से कंगना और अदनान सामी के अलावा करण जौहर और एकता कपूर के नाम की भी घोषणा की गई थी।

बता दें कि, कंगना रनौत को हाल ही में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया था। कंगना को उनकी दो फिल्मों ‘मणिकर्णिका’ और ‘पंगा’ के लिए यह पुरस्कार मिला।

Previous articleमहाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख बोले- “मुझे भी मिला था क्रूज पार्टी का न्योता लेकिन मैं नहीं गया, काशिफ खान को मैं नहीं जानता”
Next articleलखीमपुर खीरी किसान नरसंहार केस: जांच से सुप्रीम कोर्ट नाखुश, हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच का दिया सुझाव