मशहूर अभिनेता और दक्षिण भारत के सुपरस्टार कमल हासन ने एक लेख में ‘हिंदू आतंकवाद’ का जिक्र कर दक्षिणपंथी राजनीति पर एक बार फिर से तीखा हमला किया है। पिछले दिनों नोटबंदी को समर्थन देने के अपने पुराने बयान पर माफी मांगने वाले अभिनेता ‘हिंदू आतंकवाद’ पर नई बहस छेड़ दी है। तमिल मैगजीन ‘आनंदा विकटन’ में लिखे अपने लेख में हासन ने लिखा है कि राइट विंग ने अब बल का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
कमल हासने अपने लेख में आरोप लगाया कि राइट विंग (दक्षिणपंथी संगठन) हिंसा में शामिल है और हिंदू कैंपों में आतंकवाद घुस चुका है। उन्होंने लेख में आगे लिखा है कि कोई नहीं कह सकता कि ‘हिंदू आतंकवाद’ का वजूद नहीं है। उन्होंने लिखा कि हिंदू कट्टरपंथी पहले बातचीत में यकीन रखते थे, लेकिन अब हिंसा में शामिल हैं। उन्होंने यह भी लिखा है कि लोगों की ‘सत्यमेव जयते’ में आस्था खत्म हो चुकी है।
कमल हासन ने कहा कि, ‘हिंदू आतंकवाद की बात कहने वाले लोगों को दक्षिणपंथी चैंलेज नहीं कर सकते हैं, क्योंकि आतंक हिंदू कैंप में भी पहुंच गया है।’ इस लेख का शीर्षक है ‘कोई नहीं कह सकता है कि हिंदू आतंक नहीं है।’ हासन ने लेख में केरल सरकार की तारीफ की है। उन्होंने लिखा है कि सांप्रदायिक हिंसा से तमिलनाडु के मुकाबले केरल बेहतर ढंग से निपटा है। बता दें कि कमल हासन के जल्द ही सियासी पारी शुरू करने की अटकलें हैं।
कमल हासन पर BJP का पलटवार
कमल हासन के इस लेख के बाद ‘हिंदू आतंकवाद’ को लेकर एक बार फिर नए सिरे से बहस छिड़ गई है। अभिनेता के लेख पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पलटवार किया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने टाइम्स नाउ से बातचीत में हासन की आलोचना करते हुए उन्हें नैतिक तौर पर भ्रष्ट बताया है।
स्वामी ने कहा कि अभी तक ‘हिंदू आतंकवाद’ के कोई सबूत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कमल हासन नैतिक रूप से एक भ्रष्ट व्यक्ति हैं, वह किसी भी समय कुछ भी कह सकते हैं। उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। वहीं, बीजेपी नेता मुरलीधरन ने भी ‘टाइम्स नाउ’ से बातचीत में कमल हासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हासन सच्चाई से मुंह मोड़ रहे हैं।
मुरलीधर ने कहा कि हासन कहते हैं कि केरल में सौहार्द है, लेकिन हकीकत अलग है। उन्होंने कहा कि केरल में पॉप्युलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे संगठन आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं और वहां मुस्लिमों में कट्टरता बढ़ रही है। मुरलीधरन ने कहा कि केरल से टेरर कनेक्शन की वजह से तमाम युवा गिरफ्तार हो रहे हैं।
नोटबंदी का समर्थन करने के फैसले पर मांगी माफी
बता दें कि इससे पहले कमल हासन ने ‘आनंदा विकटन’ में लेख लिखकर नोटबंदी को गलत फैसला बताया था। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले का समर्थन करने के फैसले को लेकर माफी भी मांगी थी। अभिनेता ने कहा था कि नोटबंदी का समर्थन करने का फैसला उन्होंने हड़बड़ी में किया था, जिसके लिए अब वह माफी मांगते हैं। उन्होंने आगे कहा था कि, ‘अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी गलती मान लें, तो मैं उन्हें सलाम करुंगा..।’ बता दें कि हासन उन सेलिब्रिटीज में से एक थे, जिन्होंने नोटबंदी का खुलकर समर्थन किया था।



















