भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासित राज्य हरियाणा में बलात्कार की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रहीं है। बीते एक हफ्ते में राज्य के अलग-अलग जिलों में हुई गैंगरेप और हत्या के मामलों ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। हरियाणा में लगातार हो रहें रेप की घटनाओं ने राज्य के साथ पूरे देश को हिला कर रख दिया है।
हरियाणा के जींद, पानीपत, पिंजौर और देश की राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में रेप की घटना सामने आने के बाद लोग गुस्से में है। इसी बीच, हरियाणा पुलिस के एडीजीपी ने शर्मनाक तरीके से रेप को ‘समाज का हिस्सा’ बता दिया।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, हरियाणा पुलिस के एडीजीपी आरसी मिश्रा ने कहा कि, रेप समाज का हिस्सा है। ऐसी घटनाएं आज से नहीं, लंबे समय से होती आ रही हैं। यही नहीं, साथ ही उन्होंने कहा कि, पुलिस का काम है जांच करना, अपराधी को पकड़ना और सबूत पेश करना।
It's part of society. Such incidents have been taking place since forever. Role of police is to probe, nab criminal & prove things. We're leaving no stone unturned to do that. We must work to stop such incidents from recurring: RC Mishra, ADGP Ambala Range on law & order in state pic.twitter.com/vTgSKFMAJz
— ANI (@ANI) January 17, 2018
गौरतलब है कि, बुधवार को ही राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम गिनाते हुए कहा था कि उन्होंने बेहतर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन में बदलाव किए हैं। ऐसे में एडीजीपी पद पर बैठे अधिकारी का रेप को सामान्य सी घटना बताने वाला बयान प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठाता है।
वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा था कि राज्य में कानून और व्यवस्था का पूरा भंग है। यह सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है कानून और व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से टूट गई है। बच्चें न तो स्कूलों में और न ही घरों में सुरक्षित हैं ऐसे घृणित अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार नींद में है।
न्यूज़ एजेंसी भाषा की ख़बर के मुताबिक, हरियाणा में बलात्कार का एक और मामला सामने आया है। राज्य के फतेहाबाद जिले के एक गांव में दो लोगों ने 20 साल की शादीशुदा महिला का कथित रूप से बलात्कार किया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके एक पड़ोसी और एक अन्य व्यक्ति ने कल उसका बलात्कार किया।
उसने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसके घर में उस समय घुसे जब वह अकेली थी। पीड़िता को धमकी दी गई कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा। पुलिस ने कहा कि महिला का छह महीने पहले ही विवाह हुआ था।
भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने फोन पर बताया कि, ‘हमने उसके पड़ोसी और एक अन्य सहआरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ कानून के अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।’
बता दें कि, हरियाणा में हाल में बलात्कार के कई मामले सामने आए हैं। मंगलवार को हिसार की एक कालोनी में 14 साल के एक लड़के ने तीन साल की बच्ची का कथित रूप से बलात्कार किया था।
इससे पहले बीते शनिवार को जींद जिले के एक गांव में नहर के किनारे 15 साल की लड़की का शव मिला था। वह कुरूक्षेत्र जिले के अपने गांव से कुछ दिन पहले लापता हुई थी। पुलिस ने कहा था कि लड़की के साथ बर्बरता की गई है।
एक अन्य घटना में, बीते सप्ताह पानीपत में 11 साल की एक लड़की का बलात्कार करके उसकी हत्या की गई थी।