पर्रिकर ने दिग्विजय सिंह पर ली चुटकी, कहा- गोवा में BJP की सरकार बनवाने के लिए ‘विशेष धन्यवाद’

0

गोवा के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर शुक्रवार(31 मार्च) को राज्यसभा पहुंचे, लेकिन कांग्रेस सदस्यों ने उनका तीखा विरोध करते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लेकिन मुख्यमंत्री ने शांत रहते हुए गोवा में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया। यह हंगामा कर रहे कांग्रेसियों के लिए पर्रिकर का एक करारा जवाब था।

पर्रिकर के सदन में आने पर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और कुछ सदस्य खडे़ होकर कुछ बोलने लगे। हालांकि, हंगामे के कारण उनकी बात ठीक से सुनी नहीं जा सकी। उधर बीजेपी के कुछ सदस्य भी नारेबाजी करने लगे। उप सभापति पी जे कुरियन ने सदस्यों से शांत होने की अपील की।

इसके बाद रजनी पाटिल ने लोक महत्व के विषय के तहत अपने मुद्दे उठाए। बाद में पर्रिकर कुछ बोलने के लिए खडे़ हुए, लेकिन कांग्रेस सदस्यों ने उनका विरोध शुरू कर दिया और चेयर के सामने आकर नारेबाजी शुरु कर दी। उधर, बीजेपी के सदस्यों ने पर्रिकर के समर्थन में मेजें थपथपाईं।

इस दौरान पर्रिकर ने दिग्विजय पर तंज कसते हुए कहा कि आप गोवा में आराम से घूमते रहे और हम सरकार बना पाए। इस दौरान कांग्रेसी सदस्य शोर मचाते रहे। वरिष्ठ बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी दिग्विजय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गोवा के सीएम ने आपको शुक्रिया कहा है।

बता दें कि दोनों नेताओं का इशारा कुछ दिन पहले के गोवा के राजनीतिक घटनाक्रम की ओर था। यहां चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली कांग्रेस सरकार बनाने में नाकाम रही, जबकि बीजेपी ने अन्य पार्टियों की मदद से सरकार बना ली थी।

Previous articleParrikar taunts Digvijay, thanks him for allowing him to become Goa chief minister
Next articleDelhi LG orders shutting down of Kejriwal government’s Feedback Unit