उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधिक घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रहीं है, राज्य से एक बार फिर से मानवता को शर्मसार कर देने और दिल को दहलाने वाली घटना सामने आई है। रामपुर में मनचलों ने एक नाबालिग लड़की से पहले दुष्कर्म की कोशिश की और असफल होने पर उसे छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर हालत में लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि रामपुर में 15 साल की एक लड़की के साथ पहले कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश की और असफल होने पर आरोपी ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। लड़की की हड्डियों में कई फ्रैक्चर आए हैं, जिसके इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया।
यह घटना मंगलवार रात को सिविल लाइंस में हुई और बुधवार शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। रामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरुण कुमार सिंह ने कहा, सिविल लाइंस थाने के अंतर्गत पहाड़ी गेट इलाके में रहने वाले आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत आने वाली धाराएं शामिल हैं।
ख़बरो के मुताबिक, आरोपी पीड़िता के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता रहता था। लड़की के परिजनों ने कई बार इसकी शिकायत भी की, लेकिन आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को रफा-दफा कर दिया। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)