इफ्तार पार्टी को लेकर गिरिराज सिंह ने पार्टी के सहयोगी नीतीश कुमार और रामविलास पासवान पर बोला हमला, BJP के सुशील मोदी को भी लपेटा

0

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने पार्टी के सहयोगी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान पर इफ्तार पार्टी को लेकर निशाना साधा है। इतना ही नहीं गिरिराज सिंह ने अपने ट्वीट में अपनी ही पार्टी के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को भी लपेटे में लिया है। बता दें कि गिरिराज सिंह मुस्लिम समुदाय के खिलाफ विवादित ट्वीट और विवादास्पद बयानबाजी के लिए मशहूर हैं।

चार तस्वीर ट्वीट कर केंद्रीय मंत्री ने इफ्तार पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं से कहा कि नवरात्रि पर फलहार का आयोजन करते तो और सुंदर-सुंदर तस्वीर आती। गिरिराज सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर तस्वीरों के साथ एक ट्वीट किया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा नेता सुशील मोदी, जीतनराम मांझी, रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान एक साथ इफ्तार पार्टी में दिखाई दे रहे हैं।

गिरिराज सिंह ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ”कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर सुदंर फोटो आते? अपने कर्म-धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते हैं और दिखावा में आगे रहते है?” बता दें कि भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने बिहार की राजग गठबंधन में शामिल होने वाले प्रमुख राजनैतिक पार्टियों के नेताओं पर हमला बोला है। इसमें उनकी ही पार्टी के नेता सुशील मोदी भी शामिल हैं।

गिरिराज सिंह के जवाब में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। जदयू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि हमें नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या है, लेकिन उनकी जुबान सिर्फ कट्टर हिंदुत्व के लिए है। इसके साथ ही चौधरी ने कहा कि गिरिराज को नीतीश कुमार के लिए ऐसे शब्द बोलने से खुद को रोकना चाहिए। यह गठबंधन की सरकार है और गठबंधन के सभी नेताओं ने उन्हें उनकी सीट (बेगूसराय) 4 लाख वोटों से जिताने में मदद की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। ये ठीक बात नहीं है।

Previous articleमायावती के बयान के बाद अखिलेश यादव ने भी दिए गठबंधन से अलग होने का संकेत, बोले- ‘अगर रास्ते अलग-अलग हैं तो उसका भी स्वागत है’
Next articleBJP नेता ने सीएम केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का केस, जानें क्या है मामला