पांच राज्यों (राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम) के विधानसभा चुनावों की मतगणना के रुझानों में छत्तीसगढ, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है जबकि तेलंगाना में सत्तारूढ तेलंगाना राष्ट्र समिति दो तिहाई बहुमत से वापसी कर रही है। इन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के ‘अच्छे दिन’ आते दिख रहे हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनने के संकेत हैं, जबकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर दिख रहा है।
रूझानों में छत्तीसगढ में 15 साल से सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का सूपड़ा साफ होता नजर आ रहा है और राजस्थान में भी कांग्रेस ने बहुमत का जादुई आंकडा पार कर लिया है। मध्य प्रदेश में भी कांटे की टक्कर में कांग्रेस अब बहुमत की ओर बढ रही है। हालाकि राज्य में बढत का आंकड़ा निरंतर उपर नीचे हो रहा है। वहीं, मिजोरम में अब तक आये परिणामों के अनुसार मिजो नेशनल फ्रंट ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। इस तरह कांग्रेस की पूर्वोत्तर के एक भी राज्य में सरकार नहीं बची है।
अगल-अलग राज्यों में मतदान कई चरणों में सम्पन्न हुआ था। छत्तीसगढ़ में 18 सीटों के लिए 12 नवंबर तथा 72 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान हुआ था। मध्य प्रदेश में 230 सीटों के लिए तथा मिजोरम में 40 सीटों के लिए 28 नवंबर को मतदान हुआ था। राजस्थान में 199 सीटों तथा तेलंगाना में 119 सीटों के लिए सात दिसंबर को मतदान हुआ था। इन विधानसभाओं के लिए 8,500 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। पांच राज्यों में कुल 678 सीटों पर मतदान हुआ था। राजस्थान की एक सीट पर एक उम्मीदवार की मौत के कारण चुनाव रद्द हो गया था।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को 2019 में होने वाले आम चुनाव के लिहाज से सेमीफाइनल माना जा रहा है। कांग्रेस का यह कहना है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम से मिलने वाला जनादेश केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ ‘‘स्पष्ट संदेश’’ देगा। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस को बढ़त दिखाने वाले एग्जिट पोल के परिणामों को नकार दिया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बीजेपी चौथी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है जबकि राजस्थान में उसके सामने सत्ता में काबिज रहने की चुनौती है।
देखिए हर अपडेट्स LIVE:-
- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने विधानसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से दिया इस्तीफा
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: दोनों सीटों से हारे कांग्रेस के मिजोरम मुख्यमंत्री लाल थनहवला।
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: चुनाव आयोग के मुताबिक मध्य प्रदेश में कांग्रेस 108 और बीजेपी 112 सीटों पर आगे।
- चुनाव आयोग के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस 101 सीटों पर आगे। बीजेपी को 97 सीटों पर बढ़त।
- छत्तीसगढ़ की स्थित साफ, कांग्रेस 58 सीटों पर आगे, बीजेपी को 17 सीटों पर बढ़त। 7 पर अन्य आगे
- मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर, बीजेपी 111 सीटों पर आगे। कांग्रेस को 108 सीटों पर बढ़त। अन्य 11 सीटों पर आगे।
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: मिजोरम में कांग्रेस को बड़ा झटका। मुख्यमंत्री ललथनहवला चम्फाई दक्षिण सीट से हारे।
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: राजस्थान के रुझानों में कांग्रेस को बहुमत, CM के सवाल पर बोले सचिन पायलट- किसे क्या पद मिलेगा, इसका फैसला विधायक और पार्टी हाईकमान तय करेंगे
- LIVE: चुनावों में कांग्रेस को मिलती बढ़त पर नवजोत सिंह सिद्धू बोले- राहुल भाई पहले से ही सबको साथ लेकर चलते हैं। इंसानियत की मूरत हैं, जो भारत की तकदीर को अपने हाथों में लेने वाले हैं। वह बड़े मजबूत हैं और BJP का नया GTU- “गिरे तो भी टांग ऊपर”
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ में 2 और मध्य प्रदेश में 1 सीटों पर आगे चल रही है।
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जोरदार वापसी, रुझानों में कांग्रेस 59 और बीजेपी 24 मात्र सीटों पर आगे
- राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के सामने आए ताजा रुझानों से कांग्रेस गदगद, पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला, रुझानों में बीजेपी 99 और कांग्रेस 116 सीटों पर आगे
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: ABP न्यूज के मुताबिक राजस्थान में वसुंधरा राजे सरकार के 15 मंत्री पीछे चल रहे हैं, रुझानों में BJP से काफी आगे चल रही है कांग्रेस
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: चुनाव नतीजों को लेकर PM मोदी ने बुलाई BJP कोर ग्रुप की बैठक, संसद भवन में सुबह 10:30 बजे होगी मीटिंग।
- विधानसभा चुनाव 2018 परिणाम LIVE: AIMIM नेता अकबरुद्दीन ओवैसी तेलंगाना की चंद्रयान गुट्टा सीट से जीते
- चुनाव आयोग के आधिकारिक ट्रेंड्स के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस 7 और बीजेपी 3 सीटों पर आगे
- मध्य प्रदेश में 100 सीटों पर आगे चल रही है कांग्रेस, बीजेपी 90 सीटों पर कांग्रेस आगे
- छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी BJP को लग सकता है बड़ा झटका, ABP न्यूज के मुताबिक अपनी सीट पर पीछे चल रहे हैं मुख्यमंत्री रमन सिंह
- कांग्रेस के लिए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम से अच्छी खबर के संकेत, चारों राज्यों में आए रुझानों में BJP से काफी आगे चल रही है कांग्रेस
- राजस्थान में कांग्रेस को जोरदार वापसी के संकेत। 27 सीटों पर आगे चल रही है कांग्रेस, बीजेपी को महज 12 सीटों पर बढ़त
- छत्तीसगढ़ में आए ताजा रुझान में कांग्रेस 9 और बीजेपी 7 सीटों पर आगे
- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना व मिजोरम में वोटों की गिनती शुरू, थोड़ी देर में आएगा पहला रुझान