भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी, संक्रमितों की संख्या 50 लाख के पार; 82 हजार से अधिक लोगों की मौत

0

भारत में घातक कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है, जो रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के 90,123 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 50,0000 के आंकड़े को पार कर गई। वहीं, मृतकों की संख्या 82 हजार को पार कर चुकी है। देश में केवल 11 दिन के अंदर मामले 40 लाख से बढ़कर 50 लाख के पार चले गए हैं।

कोरोना वायरस

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार तक 39,42,360 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद देश में कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 78.53 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या 50,20,359 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 1,290 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 82,066 हो गई।

भारत में कोविड-19 के मामले 21 दिन में 10 से 20 लाख के पार पहुंचे थे। इसके बाद 16 दिन में 30 लाख और 13 दिन में 40 लाख के आंकड़े को पार किया था। वहीं, 40 लाख के बाद 50 लाख की संख्या को पार करने में केवल 11 दिन लगे। देश में 110 दिन में कोविड-19 के मामले एक लाख हुए थे और 59 दिनों में वह 10 लाख के पार चले गए थे।

वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर गिरकर 1.63 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,95,933 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कि कुल मामलों का 19.84 प्रतिशत है।

राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और दिल्ली में सबसे ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। बेंगलुरु, जून के आखिर तक भारत के अहम बड़े शहरों में कोरोना वायरस से सबसे कम प्रभावित था, अब यह देश में सबसे अधिक कोविड केसों वाला शहर बन गया है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 15 सितम्बर तक कुल 5,94,29,115 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें से 11,16,842 नमूनों की जांच मंगलवार को ही की गई। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleAFCAT Admit Card 2020: एयर फोर्स कॉमन ऐडमिशन टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड afcat.cdac.in पर जारी, 3 अक्टूबर से होगी परीक्षा
Next articleबॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियों ने ‘खुला पत्र’ लिखकर मीडि‍या पर लगाया रिया चक्रवर्ती के पीछे पड़ने का आरोप