VIDEO: आपको शर्म नहीं आती? आतंकी-अभियुक्त BJP सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर भड़के यात्री

0

मालेगांव बम विस्फोट मामले में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया का सामना कर चुकीं इस मामले में अभियुक्त और मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को विमान के अंदर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इस पूरे वाक्य का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहें इस वीडियो में एक बहादुर यात्री विमान के अंदर आतंकी-अभियुक्त भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से कह रहा है कि, आप जनता को परेशान कर रही है, आपको शर्म आनी चाहिए।

 

प्रज्ञा ठाकुरवायरल हो रहें इस वीडियो में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर यात्रियों के साथ बहस करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में एक महिला कहती है, “आप फैसला कीजिए, आपका मैनेजमेंट कौन है? यहां ना किसी के टाइम की कीमत है और ना ही प्रोफेश्नलिजम है।” इस पर साध्वी प्रज्ञा जवाब देते हुए कहती हैं, “मैंने सुबह ही बोल दिया था कि अपनी रूल बुक मुझे दिखा दो, मुझे बनेगा बैठते.. नहीं बनेगा तो मैं चली जाऊंगी।”

तभी पीछे से एक अन्य यात्री प्रज्ञा ठाकुर से बोलता है, ‘आप तो जनता की प्रतिनिधी हैं, आपका काम तो हमें परेशान करना नहीं है। आप जनता को ही परेशानी दे रही हैं। आपको इस बात की शर्म नहीं है कि 50 लोगों को आपकी वजह से परेशानी हुई। यात्री के द्वारा ‘शर्म’ शब्द कहने पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आपत्ति जताई और कहा कि, “आपको अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए।”

इसपर यात्री ने जवाब देते हुए कहा, “मेरी भाषा बिल्कुल ठीक है। मैं आपसे इज्जत और प्यार से बात कर रहा हूं। शर्म शब्द एक अच्छा शब्द है।” इस दौरान प्रज्ञा ठाकुर यात्री से कहती हैं, ‘मेरी सुविधा नहीं है, कोई तो कारण होगा। मेरा राइट फर्स्ट क्लास का है।’

बता दें कि, बीते दिनों ही स्पाइसजेट की फ्लाइट में सीट को लेकर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का क्रू मेंबर से विवाद हो गया था। साध्वी सबसे आगे की यानी आपातकालीन सीट चाहती थीं। क्योंकि वह व्हीलचेयर पर एयरपोर्ट पहुंची थीं, तो उन्हें आपातकालीन सीट नहीं मिल सकी लेकिन वह इसे लेकर जिद करने लगीं। तभी साध्वी ने विमान के क्रू मेंबर्स पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की शिकायत पर स्पष्टीकरण देते हुए स्पाइस जेट ने रविवार को कहा था कि प्रज्ञा ने जो सीट बुक कराई थी, वह ‘आगे की एवं आपातकालीन पंक्ति की सीट थी और सुरक्षा की दृष्टि से उनके जैसे व्हीलचेयर में आने वाले यात्री को इस पंक्ति की सीट आवंटित नहीं की जाती है। बता दें कि, प्रज्ञा ने आरोप लगाया था कि स्पाइसजेट ने उन्हें पूर्व आवंटित सीट से वंचित कर दिया था और यह उनके लिए अस्वीकार्य था।

कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि उनकी सुरक्षा की दृष्टि से उनकी बुक कराई गई सीट 1ए की बजाय दूसरी सीट 2ए/बी दी गई। स्पाइस जेट की विज्ञप्ति के अनुसार प्रज्ञा अपनी व्हीलचेयर में आई थीं और उन्होंने एयरलाइन के जरिये अपनी सीट बुक नहीं की थी, इसलिए स्टाफ को इस बात की जानकारी भी नहीं थी कि वह व्हीलचेयर से आई थीं।

प्रज्ञा शनिवार को दिल्ली से भोपाल स्पाइस जेट विमान (एसजी 2498) से आई थीं। विमान स्टाफ ने उन्हें उनके द्वारा बुक कराई गई सीट में नहीं बैठने दिया जिससे वह नाराज हो गईं। इसके बाद शनिवार रात को भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डे पर पहुंचकर उन्होंने विमान में सेवाओं में कमी और कर्मचारियों के खराब व्यवहार की शिकायत निदेशक से की थी।

प्रज्ञा ठाकुर ने स्पाइस फ्लाइट पर उनकी तरफ से की गई बुकिंग सीट न देने का आरोप लगाते हुए भोपाल एयरपोर्ट डायरेक्टर से शिकायत दर्ज कराई है। प्रज्ञा ने अपनी शिकायत में स्पाइस के क्रू मेंबर पर ठीक से व्यवहार न करने का भी आरोप लगाया।

Previous articleJharkhand’s voters avenge Tabrez Ansari’s lynching as JMM-Congress-RJD secures landslide win, BJP loses fifth state in one year
Next articleदिल्ली: कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत