भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनिल बलूनी (Anil Baluni) ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) और उनके परिवार को खुद को आवंटित हुए नए आवास पर भोजन के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि, भाजपा सांसद अनिल बलूनी को नई दिल्ली इलाके में वहीं ‘35 लोधी स्टेट’ बंगला आवंटित हुआ है जिसमें प्रियंका गांधी पिछले कई वर्षों से रह रही थीं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि, प्रियंका गांधी और उनके परिवार द्वारा उनका निमंत्रण स्वीकार करने के बाद बलूनी उन्हें उत्तराखंड के खास पकवान जैसे ‘मडुवा की रोटी’ ‘झंगोरे की खीर’ और ‘पहाड़ी रायता’ परसेंगे। उधर, प्रियंका गांधी ने अनिल बलूनी को नए घर की बधाई दी है।
कांग्रेस महासचिव ने अपने ट्वीट में लिखा, “आज श्री अनिल बालुनी और उनकी पत्नी से बात हुई। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हूँ। उन्हें नए घर की शुभकामनाएँ देते हुए आशा करती हूँ कि उन्हें भी इस घर में उतनी ही ख़ुशियाँ मिलें जितनी मुझे और मेरे परिवार को मिलीं।”
आज श्री अनिल बालुनी और उनकी पत्नी से बात हुई। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हूँ। उन्हें नए घर की शुभकामनाएँ देते हुए आशा करती हूँ कि उन्हें भी इस घर में उतनी ही ख़ुशियाँ मिलें जितनी मुझे और मेरे परिवार को मिलीं।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 27, 2020
अपना सरकारी बंगला खाली करने की एक अगस्त की समय सीमा से पहले प्रियंका ने भी बलूनी को चाय पर आमंत्रित किया था। सूत्रों का कहना है कि बलूनी ने चाय पर आमंत्रित करने के लिए प्रियंका का आभार जताया, हालांकि बाहर नहीं निकलने के ऐहतियात के कारण अपनी ओर से असमर्थता जताई। बलूनी कैंसर का उपचार कराके हाल ही में घर लौटे हैं। पिछले साल बलूनी के कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था और इसके बाद मुंबई में कई महीनों तक उनका उपचार चला।
प्रियंका अपना सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया में हैं। शहरी विकास मंत्रालय ने एक जुलाई को उन्हें नोटिस जारी कर उनसे एक अगस्त तक बंगला खाली करने को कहा था। मंत्रालय का कहना था कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद प्रियंका इस आवास की पात्रता नहीं रखती हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी आवास खाली करने के बाद प्रियंका गांधी कुछ हफ्तों के लिए अस्थाई रूप से गुरुग्राम सेक्टर 42 के डीएलएफ अरालिया स्थित अपने घर में रहेंगी। उसके बाद फिर से नई दिल्ली इलाके में वापस आएंगी। इसके लिए नई दिल्ली में किराए का एक मकान तय किया गया है जिसमें मरम्मत का काम चल रहा है।
हालांकि, प्रियंका गांधी का परिवार भले ही स्थाई तौर पर नई दिल्ली में रहेगा लेकिन वो खुद उत्तर प्रदेश की प्रभारी होने के नाते आने वाले डेढ़ सालों में ज्यादा समय यूपी के दौरे में ही बिताएंगी। उनके रहने के लिए लखनऊ में नेहरू-गांधी परिवार के एक सदस्य का घर तय किया गया है। (इंपुट: भाषा के साथ)