बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उनके परिवार पर एक बार फिर से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिनेता के निधन के बाद से सदमे में चल रही उनकी भाभी ने भी दम तोड़ दिया है। बता दें कि, सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद से उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस वक्त सुशांत का अंतिम संस्कार मुंबई में किया जा रहा था, बिहार में रह रहे उनके भाई की पत्नी सुधा देवी चल बसीं। बताया जा रहा है कि, सुशांत के जाने की खबर मिलने के साथ ही उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया था। सुशांत सिंह राजपूत के कजिन भाई की पत्नी सुधा देवी बिहार के पुर्णिया में रहती थीं।
सुधा देवी सुशांत सिंह के चचेरे भाई अमरेंद सिंह की पत्नी थीं। परिजनों ने बताया कि बीते कुछ समय से वह बीमार थीं। सुशांत के सुइसाइड की खबर मिलने के बाद से उनका बुरा हाल था और उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया था। सुशांत की मौत की खबर सुनने के बाद वो सदमे में चली गई थीं। सोमवार शाम करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई स्थिति अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को विले पार्ले स्थित श्मशान घाट पर परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या को लेकर तमाम सिलेब्स के बयान सामने आ रहे हैं।
बता दें कि, बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में रविवार (14 मई) की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी थी। इस खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। उनकी मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान है, किसी को अंदाजा नहीं था कि फिल्म जगत का एक ऐसा कलाकार जिसने इतने थोड़े से वक्त में इतना मुकाम हासिल किया है वो कुछ ऐसा कदम उठा सकता है।