नीदरलैंड्स के रोलैंट ऑल्टमैन्स को शनिवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। ऑल्टमैंस भारतीय हॉकी टीम के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर हैं।
इससे पहले शुक्रवार को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा से हुए विवाद के बाद कोच के भविष्य का फैसला करने के लिए गठित विशेष समिति ने पॉल वान आस को कोच के पद से हटाने की सिफारिश की थी।
पॉल वान ने हाल ही में यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने उन्हें कोच के पद से बर्खास्त कर दिया है। हालांकि बाद में बत्रा ने इन आरोपों से इनकार किया था। इसके कोच के भविष्य का फैसला करने के लिए बनी विशेष समिति ने पॉल वान को कोच पद से हटाने की सिफारिश की थी।
कोच पद पर रोलैंट ऑल्टमैंस की नियुक्ति पहले ही तय मानी जा रही थी क्योंकि वह पिछले कई सालों से टीम के साथ हैं और अब जबकि सिर्फ एक साल बाद ओलिंपिक खेल होने हैं तो ऐसे में किसी नए कोच के आने से टीम की तैयारियों पर बुरा असर पड़ सकता था।