पश्चिम बंगाल: BJP सांसद अर्जुन सिंह को भ्रष्‍टाचार मामले में CID का नोटिस, 25 मई को हाजिर होने का आदेश

0

पश्चिम बंगाल में सीआईडी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक मामले में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी ने अपनी नोटिस में अर्जुन सिंह को 25 मई को कोलकाता में उनके सामने पेश होने को कहा है।

अर्जुन सिंह
फाइल फोटो

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नोटिस मिलने पर अर्जुन सिंह ने कहा है कि वो सीआईडी के सामने पेश होने से पहले अपने वकील से सलाह लेंगे। नारदा स्टिंग मामले के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में एक बार फिर से राजनीतिक जंग शुरू हो गई है।

बीते साल अगस्त महीने में भी पश्चिम बंगाल पुलिस ने अर्जुन सिंह के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा स्थित आवास पर भ्रष्टाचार के एक मामले के सिलसिले में छापा मारा था। तब अर्जुन सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया था और आरोप लगाया था कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस उनके खिलाफ प्रतिशोध की राजनीति कर रही है।

अर्जुन सिंह 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और बैरकपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर, सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार करते रहे हैं। सिंह तृणमूल कांग्रेस के चार बार विधायक रह चुके हैं।

पिछले साल छापेमारी के बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि अर्जुन सिंह के आवास पर एक स्थानीय सहकारी बैंक से संबंधित दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गई। सिंह 2018 में उक्त सहकारी बैंक के अध्यक्ष थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह छापेमारी अदालत द्वारा सिंह के खिलाफ एक मामले में आदेश जारी करने के बाद हुई।

Previous articleआतंकवाद के मामले में गिरफ्तार जम्मू कश्मीर के पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह सेवा से बर्खास्त
Next articleतहलका पत्रिका के पूर्व एडिटर इन चीफ तरुण तेजपाल को रेप के मामले में गोवा की अदालत ने किया बरी