टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग गुरुवार (8 फरवरी) को मैदान पर एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में दिखे। सहवाग ने काफी समय बाद स्विटजरलैंड की बर्फीली पिच पर अपना जौहर दिखाया। उन्होंने अपनी टीम डायमंड्स एकादश के लिए 31 गेंदों पर 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी के बाद उनके फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
@IceCricketCH200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले सहवाग ने अपनी पारी के बाद इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में अर्धशतक लगाने के बाद की खुशी सहवाग के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है। इसके साथ ही सहवाग ने लिखा है कि, ”इन हाथों ने हथियार जरूर छोड़े हैं, चलाना नहीं भूले”। बता दें कि सहवाग सोशल मीडिया पर अपने फैंस के बीच काफी पॉपुलर हैं और फैंस उनकी इस पारी से बेहद खुश हैं।
दरअसल, स्विटजरलैंड के सेंट मोरिट्ज में गुरुवार को सेंट मोरिट्ज आइस क्रिकेट-2018 खेला गया। इसमें भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एक टीम के कप्तान वीरेंदर सहवाग थे तो दूसरी टीम के कप्तान शाहिद आफरीदी थे। सहवाग पैलेस डायमंड्स के कप्तान हैं तो वहीं रॉयल्स के कप्तान शाहिद आफरीदी हैं।
हमेशा पाकिस्तान के खिलाफ आग उगलने वाले सहवाग का बल्ला इस मैदान में भी फिर गरजा। उन्होंने 31 गेंदों पर शानदार 62 रन जड़े। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सहवाग की टीम ने 20 ओवर में 164 रन जड़े। जिसमें सबसे ज्यादा 62 रन सहवाग ने बनाए। उन्होंने शोएब अख्तर और अब्दुल रज्जाक की गेंदों पर छक्के जड़े। इनिंग में उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के जड़े। लेकिन शोएब अख्तर ने उन्हें आउट कर दिया।
हालांकि, सहवाग की आतिशी पारी भी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी। इसमें आफरीदी की टीम ने रॉयल्स ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। रॉयल्स ने शानदार बल्लेबाजी की और 15 ओवर में ही मुकाबला जीत लिया। उनकी टीम से ओवेज शाह ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे। मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड इन्हें ही दिया गया।