उत्तर प्रदेश: योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण की कोरोना से मौत

0

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबनेट मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना वायरस की वजह से रविवार (2 अगस्त) को निधन हो गया है। कमला रानी का लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में इलाज चल रहा था। कमला रानी वरुण 18 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव निकलीं थीं, जिसके बाद से उनका कोरोना का इलाज चल रहा था।

भाजपा ने 2017 ने उन्हें कानपुर के घाटमपुर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था, वे इस सीट से जीतने वाली पार्टी की पहली विधायक थीं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा व लगन को देखते हुए 2019 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। वे सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थीं। उनका जन्म लखनऊ में 3 मई 1958 को हुआ था। उनकी शादी एलआईसी में प्रशासनिक अधिकारी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सदस्य किशन लाल वरुण से हुई थी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताया है। मंत्री के निधन के चलते योगी आदित्यनाथ ने अपना अयोध्या का दौरा निरस्त कर दिया है। उन्होने ट्विटर पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।’

Previous articleCISF ने अपने जवानों, अफसरों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर जारी किए नए दिशानिर्देश; सरकार की नीतियों की आलोचना की इजाजत नहीं
Next articleHome Minister Amit Shah tests positive for COVID-19, hospitalised