केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने सार्वजनिक मंच पर उनसे रिश्वत की शिकायत कर दी। यह वाक्य तब हुआ जब केंद्रीय मंत्री ने एक महिला लाभार्थी से सवाल पूछा कि आपको कार्ड बनाने के लिए पैसा तो नहीं देना पड़ रहा है। इसके जवाब में महिला ने बताया कि उसे ई-श्रम कार्ड के लिए पैसे देने पड़े।
दरअसल, बिहार के मजदूरों को ऑनलाइन ई-श्रम कार्ड से जोड़ने को लेकर शनिवार को बिहार की राजधानी पटना में ई-श्रम कार्ड वितरण सह निबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। केंद्रीय श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली भी इस समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां केंद्रीय मंत्री के हाथों कुछ लोगों को श्रम कार्ड भी बांटा गया। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री के साथ बिहार सरकार के श्रम मंत्री जीवेश मिश्रा भी मौजूद थे।
राज्य सरकार द्वारा राज्य के श्रमिकों को निबंधित करने के लिए ई-श्रम कार्ड वितरण करने का समारोह चल रहा था। इस दौरान केंद्रीय श्रम संसाधन राज्य मंत्री रामेश्वर तेली के सामने एक महिला श्रमिक ने पैसे देने की बात बताई, जबकि केंद्र सरकार मुफ्त में गरीबों का ई-श्रम कार्ड बना रही है। महिला नाम का किरण देवी है। किरण ने मंत्री को बताया कि उसके ई-श्रम कार्ड को बनाने के लिए 100 रुपए देना पड़ा।
महिला की बात सुनकर मंत्री जी चौंक गए और वहां पर खड़े बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा को तत्काल हिदायत देते हुए कहा कि मामले की जांच की जाए। उनका कहना था कि सरकारी काम में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिहार सरकार को सख्त ताकीद देते हुए कहा कि इस तरह के कामों में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह के मामले सामने नहीं आने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने पूछा- आपका ई श्रम कार्ड फ्री में बना है न?
मंच पर ही महिला बोली- नहीं साहब, ये तो पैसे से बनवाये हैं.
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली शनिवार को पटना में ई श्रम कार्ड बांटने पहुंचे थे, मंच पर ही किरण देवी ने सरकारी सिस्टम की पोल खोल दी. pic.twitter.com/Pn6wYcKHQf
— Utkarsh Singh (@UtkarshSingh_) October 31, 2021
कार्यक्रम के समापन के बाद जब मीडिया ने किरण देवी से पूछा कि उन्होंने श्रम कार्ड बनाने के लिए किसे 100 रुपये दिये? तो किरण देवी ने कहा कि जिन भैया ने कार्ड बनाया उन्हीं को पैसे दिए।