दिल्ली: जैतपुर में एक घर से दो महिलाओं के शव मिलने से मचा हड़कंप, पति फरार

0

देश की राजधानी दक्षिण पूर्वी दिल्ली के जैतपुर इलाके में गुरुवार को एक घर में दो महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से दो महिलाओं के शव बरामद किए हैं। वारदात के बाद से महिला का पति फरार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतिकात्मक फोटो

अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी और बताया कि घर से बदबू आ रही है। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो दो शव मिले। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं जमशेद आलम की पत्नियां थीं। दोनों महिलाओं की उम्र 30 साल के आस-पास थी। एक अधिकारी ने बताया कि आलम और उसका 10 वर्षीय बेटा गायब है। ऐसी आशंका है कि पत्नियों की हत्या के बाद आलम फरार हो गया।

गौरतलब है कि, दिल्ली में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले महरौली में एक ट्यूशन टीचर ने अपने पूरे परिवार की गला काट कर हत्या कर दी थी। इसके एक ही दिन बाद वसंत विहार इलाके में एक बुजुर्ग दंपति और उनके नौकर की घर में हत्या कर दी गई थी। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleएयर इंडिया के विमान में बम की धमकी के बाद लंदन एयरपोर्ट पर करवाई गई इमरजेंसी लैंडिग
Next articleओडिशा: अस्पताल में नर्सों ने नवजात बच्चे को लेकर SNCU में बनाया TikTok वीडियो, स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी रिपोर्ट