यूपीए प्रमुख और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार (11 अप्रैल) रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने से पहले गांधी ने रोड शो भी किया। वहीं, दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी गुरुवार को अमेठी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
सोनिया गांधी ने सुबह पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यालय में पूजा अर्चना और हवन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट तक उन्होंने रोड शो किया। इस दौरान परिवार के सदस्य उनके साथ मौजूद थे। उत्साह से भरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारे गूंज रहे थे और वे रोडशो के रास्ते में नाचते गाते नजर आये।
सोनिया पांचवीं बार रायबरेली लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दिनेश प्रताप सिंह से है। सपा—बसपा—रालोद गठबंधन ने इस सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। रायबरेली को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। सोनिया यहां से चार बार 2004, 2006 (उपचुनाव), 2009 और 2014 में चुनाव जीत चुकी हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रोड शो किया। ईरानी ने मुख्यमंत्री के साथ आज उसी मार्ग पर रोड शो किया, जिस पर कल पर्चा दाखिल करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सपरिवार रोड शो किया था।
बता दें कि इससे पहले बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने अमेठी से पर्चा भरने से पहले बहन प्रियंका गांधी औ उनके परिवार के साथ तीन किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। कांग्रेस के गढ़ में गांधी का मुकाबला बीजेपी की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है।
बता दें, राहुल गांधी अमेठी से लगातार तीन बार सांसद चुने गए हैं। 2004 में उन्होंने पहली बार यहां से जीत हासिल की थी। फिर 2009 में और 2014 में भी वह इस सीट से विजयी रहे थे। पिछली बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की स्मृति ईरानी को चुनाव में हराया था। इस लोकसभा चुनाव में भी उनके सामने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हैं।