उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 28 साल की महिला ने एक स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) पर यौन शोषण का आरोप लगाया जिसके बाद एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है।

खबरों के मुताबिक, बांदा के एसएचओ सुनील शर्मा को इस मामले में प्रथम दृष्टया आरोपी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, शर्मा इससे पहले कलान पुलिस स्टेशन में तैनात थे। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. आनंद ने कहा है कि महिला ने लगभग एक महीने पहले उसके खिलाफ शिकायत की थी।
एसपी ने एएसपी (ग्रामीण) अपर्णा गौतम से इस मामले की जांच करने के लिए कहा है। उन्होंने आगे कहा, एएसपी ने बताया है कि महिला कलान पुलिस स्टेशन के एसएचओ से किसी काम के लिए मिली थीं। कथित तौर पर एसएचओ ने लगभग एक महीने तक उनका यौन उत्पीड़न किया। अब सी.पी.सिंह को बांदा पुलिस स्टेशन का नया एसएचओ बनाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बदायूं जिले की एक महिला ने पति से विवाद का निपटारा कराने के लिए थानाध्यक्ष से फरियाद की। थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने महिला की पूरी कहानी सुनी। बताया जाता है कि महिला की दो शादियां हुईं। पहले पति को छोड़ कर उसने दूसरे से ब्याह रचाया। दूसरे पति से भी उनकी बनी नहीं। पति उसे अक्सर पीटता था। इस कारण महिला परेशान थी।
जब वह उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं कर पाई तो कलान थानाध्यक्ष के पास पहुंची थी। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने महिला को अकेले कमरे पर बुलाया। महिला ने कुछ दिन पहले पुलिस के बड़े अफसरों को थानाध्यक्ष रहे सुनील शर्मा की पूरी करतूत बता दी, जिसके बाद पूरे मामले की जांच की गई और थानाध्यक्ष फरियाद लेकर आई महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैं।


















