मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर विवादित बयान दिया है। ये बयान उन्होंने भिंड के बस स्टैंड पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिया है।
दरअसल, अरविंद भदौरिया मंत्री बनने के बाद पहली बार भिंड पहुंचे थे। अरविंद भदौरिया का भिंड जिले की सीमा में प्रवेश करते ही गर्मजोशी के साथ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत का ये सिलसिला मालनपुर से शुरू होकर भिंड तक चला। भिंड में बस स्टैंड पर पहुंचकर अरविंद भदौरिया ने कार्यकर्ताओं को मंच से संबोधित किया। संबोधन के दौरान मंत्री अरविंद भदौरिया ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह पर विवादित बयान दे दिया।
अरविंद भदौरिया ने कहा कि “मैं बेंगलुरु में था, तब दिग्विजय सिंह मेरे भाई पर केस दर्ज करके पुलिस से उठवा रहे थे, तेरे बाप में हिम्मत है। मैं चंबल की माटी में पैदा हुआ हूं, किसी से डरता नहीं हूं। मंत्री ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह कहते हैं कि 2-2 टाइगर मारेंगे, तेरे बाप ने भी कभी टाइगर नहीं मारे होंगे।”
उनके इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वह अपने इस बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए है, लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
#BJP विधायक अरविंद भदौरिया ने दिखाई असभ्यता..!
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के पिता पर की असभ्य टिप्पणी..! pic.twitter.com/IS5vAWET33— GOVIND GURJAR (@govindtimes) July 18, 2020
गौरतलब है कि, भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कहा था कि टाइगर जिंदा है। उस पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा था कि हम और माधवराव सिंधिया साथ में शेर का शिकार करते थे। भदौरिया ने दिग्विजय सिंह के उसी बयान पर पलटवार किया है।
बता दें कि, मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए संकट की शुरुआत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की थी जो अपने 22 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा दो विधायकों के निधन और अब लोधी के बाद सुमित्रा देवी की ओर से इस्तीफा दिए जाने के बाद 26 विधानसभा सीट खाली हो गई हैं, जिन पर उपचुनाव होने हैं।