पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक की पत्नी व भारतीय टेनिस स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने अफवाहों पर लगाम लगाते हुए आखिरकार इसकी पुष्टि की है कि उनकी बहन अनम मिर्जा पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे असद के साथ शादी के बंधन में बंधेंगी। सानिया के मुताबिक, दोनों इस साल दिसंबर में शादी के बंधन में बंधेंगे। बता दें कि, पिछले काफी समय से असद और अनम के साथ होने की खबरें आ रही थीं।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान सानिया मिर्ज़ा ने कहा, “मेरी बहन दिसंबर में शादी करने जा रही है। हम हाल ही में पेरिस से बैचलर पार्टी मनाकर लौटे हैं और हम बेहद उत्साहित हैं।” वहीं, असद के बारे में बात करते हुए सानिया ने बताया कि वो बहुत प्यारा लड़का है और दिग्गज क्रिकेटर अजहरुद्दीन का बेटा है। साथ ही उन्होंने कहा कि, हम वास्तव में इसे लेकर उत्साहित हैं।
सानिया मिर्जा की बहन अनम मिर्जा पेशे से फैशन स्टाइलिस्ट हैं और उनके शादी की चर्चा तब शुरू हुई जब अनम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर असद के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा ‘फैमिली’। कुछ समय पहले अनम मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की थी, जिसमें उनके पीछे ‘Bride To Be’ (दुल्हन बनने वाली) लिखा था।
अनम और असद दोनों कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं, लेकिन अब सानिया ने भी इस बात को स्वीकार करते हुए कहा है कि उनकी बहन मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे असद से दिसंबर में शादी कर लेंगी।
बता दें कि, सानिया मिर्जा की शादी पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से हुई थी। दोनों ने 2010 में शादी की थी। दोनों का एक बेटा भी है। पिछले साल अक्टूबर में सानिया ने बेटे को जन्म दिया था। सानिया और शोएब के बेटे का नाम इजहान मिर्जा मलिक है।