रिवॉल्वर के दम पर शादी के मंडप से दूल्‍हे को उठा ले जाने वाली लड़की गिरफ्तार

0

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में शादी के मंडप से सरेआम लड़के को तमंचे के दम पर भगाने वाली लड़की वर्षा साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि प्रेमिका को छोड़ युवक दूसरी लड़की से शादी रचा रहे युवक को फिल्मी स्टाइल में उसकी प्रेमिका वर्षा ने सोमवार(15 मई) रात को रिवॉल्‍वर के दम पर दूल्‍हे को शादी के मंडप से सबके सामने उठा ले गई थी।

दूल्हे की प्रेमिका की इस दबंगई को दुल्हन और सभी लोग देखते रह गए। दूल्हा गायब देख लड़की पक्ष पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने दूल्हे के भाई को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने लड़की को भी गिरफ्तार कर लिया।

बांदा से गिरफ्तार आरोपी लड़की ने पुलिस की पूछताछ के दौरान अपहरण की वारदात स्वीकार की है। दूल्हे को भी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है। हालांकि, आरोपी दबंग प्रेमिका ने इस नाटकीय वारदात में दूल्हे की सहमती की बात कही है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी रामहेत यादव का पुत्र अशोक कुमार यादव एक क्लीनिक में नौकरी करता था। वहीं, काम करने वाली वर्षा से अशोक के प्रेम संबंध हो गए। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने समेत तमाम वादे भी किए मगर, अशोक मुकर गया। अशोक की शादी हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी राम संजीवन की बेटी भारती से तय हो गई।

सोमवार को तय कार्यक्रम के अनुसार, अशोक की बरात भवानीपुर गांव आई थी। शाम को लड़की पक्ष ने बरातियों का जोरदार तरीके से स्वागत किया। उसके बाद जयमाल कार्यक्रम और भोजन आदि कार्यक्रम संपन्न हुआ। रात करीब डेढ़ बजे चढ़ावा चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था और दूल्हा अशोक कुछ बरातियों के साथ जनवासे में मौजूद था।

इसी बीच उसकी प्रेमिका दो युवकों के साथ स्कार्पियो से जनवासे में पहुंची और उसने अशोक के सिर पर रिवॉल्वर लगा दिया। रिवॉल्वर लगाकर लड़की बोली ‘प्यार हमसे किया और शादी किसी दूसरे से, यह बर्दाश्त नहीं’। अचानक वर्षा को इस रूप में देखकर दूल्हा बने अशोक डर गया।उस दौरान अन्य बराती देखते रह गए और प्रेमिका वर्षा ने अशोक को स्कार्पियो में बैठाकर फरार हो गई। घरातियों ने यूपी 100 को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा अशोक के भाई जयेंद्र व फोटोग्राफर रामनाथ व उसके बेटे रोहित को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

बीए फाइनल की पढ़ाई कर रही आरोपी वर्षा ने पुलिस को बताया कि उसने तमंचे या बंदूक के बल पर अशोक का अपहरण नहीं किया था, बल्कि अशोक अपनी मर्जी से उसके साथ आया था। लड़की ने बताया कि दोनों पिछले आठ साल से एक दूसरे में प्यार करते हैं। उसने बताया कि अशोक की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हो रही थी, इसलिए वो अशोक को अपने साथ ले आई।

 

Previous articleBritish Indian surgeon leads cricket bat design research
Next articleAnil Madhav Dave: From NCC cadet to Union Environment Minister (1956-2017)