राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व नेता अमर सिंह का शनिवार दोपहर 64 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि, अमर सिंह बहुत लंबे समय से बीमार थे और कुछ महीनों से सिंगापुर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। साल 2013 में अमर सिंह की किडनी फेल हो गई थी। इसके बाद उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी।
कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले दिवंगत अमर सिंह लंबे वक्त तक समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़े रहे थे और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह का काफी करीबी माने जाते थे। बाद में मनमुटाव के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद उनकी सक्रियता कम हो गई थी।
अमर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्हें उच्च सदस्या के लिए चुना गया था। हालांकि, बीमार होने से पहले तक उनकी करीबियां भारतीय जनता पार्टी से बढ़ रही थीं। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 1996 में राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के साथ ही हुई थी।