कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने किसान संगठनों द्वारा आहूत ‘भारत बंद’ का समर्थन करते हुए शुक्रवार को दावा किया कि संसद से पारित कृषि संबंधी विधेयक देश के किसानों को गुलाम बना देंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी किसानों के प्रदर्शन का समर्थन किया और आरोप लगाया कि ये कृषि विधेयक ‘ईस्ट इंडिया कंपनी राज’ की याद दिलाते हैं।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “एक गलत GST ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) को नष्ट कर दिया। अब नए कृषि कानून हमारे किसानों को ग़ुलाम बनाएंगे।”
एक ग़लत GST ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) को नष्ट कर दिया।
अब नए कृषि क़ानून हमारे किसानों को ग़ुलाम बनाएँगे।#ISupportBharatBandh
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 25, 2020
वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया कि, ‘‘किसानों से एमएसपी छीन ली जाएगी। उन्हें ठेके पर खेती के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा। न दाम मिलेगा, न सम्मान। किसान अपने ही खेत पर मजदूर बन जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के कृषि विधेयक ईस्ट इंडिया कंपनी राज की याद दिलाते हैं। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।’’
किसानों से MSP छीन ली जाएगी। उन्हें कांट्रेक्ट फार्मिंग के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा।
न दाम मिलेगा, न सम्मान।
किसान अपने ही खेत पर मजदूर बन जाएगा।भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है।
हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।#BharatBandh
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 25, 2020
‘भारत बंद’ का समर्थन करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘पेट में अंगारे और मन में तूफ़ान लिए देश का अन्नदाता किसान और भाग्यविधाता खेत मज़दूर भारत बंद करने को मजबूर है। अहंकारी मोदी सरकार को न उसके मन की व्यथा दिखती न उसकी आत्मा की पीड़ा महसूस होती।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइये, भारत बंद में किसान-मज़दूर के साथ खड़े हों, संघर्ष का संकल्प लें।’’
पेट में अंगारे और मन में तूफ़ाँ लिए देश का अन्नदाता किसान और भाग्यविधाता खेत मज़दूर #भारत_बंद करने को मजबूर है।
अहंकारी मोदी सरकार को न उसके मन की व्यथा दिखती न उसकी आत्मा की पीड़ा महसूस होती।
आइये, भारत बंध में किसान-मज़दूर के साथ खड़े हों, संघर्ष का संकल्प लें।#BharatBandh pic.twitter.com/I7I23v9bpp
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) September 25, 2020
गौरतलब है कि, कृषि विधेयकों के विरोध में कई किसान संगठनों ने शुक्रवार को ‘भारत बंद’ आहूत किया है। हाल ही में संपन्न मानसून सत्र में संसद ने कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्द्धन और सुविधा) विधेयक-2020 और कृषक (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन समझौता और कृषि सेवा पर करार विधेयक-2020 को मंजूरी दी।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दो दर्जन से अधिक किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए ‘भारत बंद’ के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा से लगे क्षेत्रों में बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं और दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों को एहतियात के तौर पर सिंघू सीमा और करनाल रोड (हरियाणा) पर तैनात किया गया है। (इंपुट: भाषा के साथ)