VIDEO: चुनावी सरगर्मी के बीच एयरपोर्ट पर कुछ इस अंदाज में मिले राहुल और प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष ने शेयर किया मजाकिया वीडियो

0

लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी रैलियों की सरगर्मी के बीच शनिवार (27 अप्रैल) को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कानपुर एयरपोर्ट पर काफी अलग अंदाज में दिखे। वीडियो में राहुल और प्रियंका की भाई-बहन के तौर पर बॉन्डिंग दिख रही है। यह वीडियो राहुल गांधी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने फेसबुक पेज पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो प्रियंका के साथ मजाकिया अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में राहुल अपनी बहन प्रियंका के कंधे पर हाथ रखकर चल रहे हैं। राहुल गांधी ने इस फेसबुक लाइव में बहन प्रियंका को मस्ती भरे अंदाज में एक अच्छा भाई होने का मतलब समझाया। बता दें कि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इन दिनों चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और लगातार कई रैलियां कर रहे हैं।

राहुल गांधी वीडियो में कहते हैं, ‘मैं आपको बताता हूं कि अच्छा भाई होना क्या होता है? बहुत लंबी-लंबी दूरी की यात्रा पर जा रहा हूं और एक छोटे से हेलिकॉप्टर में। मेरी बहन छोटी-छोटी दूरी की यात्रा के लिए बड़ा हेलिकॉप्टर प्रयोग करती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि मैं इसे बहुत प्यार करता हूं।’ राहुल जब यह कह रहे थे उस वक्त प्रियंका लगातार हंस रही थीं। हेलिकॉप्टर में सवार होने से पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को बाय बोला और गले लगाकर विदा किया।

बता दें कि, इससे पहले प्रियंका गांधी राहुल के नामांकन के मौके पर उनके साथ वायनाड भी पहुंची थीं। नामांकन के कुछ ही देर बाद प्रियंका ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने अपने भाई के लिए अपील की। उन्होंने लिखा, ‘मेरा भाई, मेरा सबसे सच्चा दोस्त और सबसे निडर व्यक्ति जिसे मैं जानती हूं। वायनाड उनका खयाल रखना, वो आपको निराश नहीं होने देंगे’

देखिए वीडियो

बता दें कि, राहुल गांधी ने जनवरी में प्रियंका को कांग्रेस महासचिव बनाया। उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वे कभी सक्रिय राजनीति में नहीं थीं। हालांकि, वे रायबरेली और अमेठी में मां सोनिया गांधी और भाई राहुल के लिए प्रचार करती रहीं हैं। कांग्रेस महासचिव बनने के बाद वे लगातार उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं। वे कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में सभाएं और रोड शो भी कर रहीं हैं।

Previous articleसालों की कोशिशों के बाद लॉन्च हुआ दुनिया का पहला मलेरिया वैक्सीन, 360000 अफ्रीकी बच्चों को दिया जाएंगा इंजेक्शन
Next articleसिर्फ इस ‘पार्टी’ में शामिल होना चाहती हैं अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना, पीएम मोदी के तंज के बाद ट्वीट कर किया खुलासा