राहुल गांधी कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए, आजादी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष बने नेताओं पर एक नजर

0

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को सोमवार (11 दिसंबर) को पार्टी का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। वह 16 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालेंगे। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने बताया कि राहुल गांधी को पार्टी के संविधान के अनुसार अध्यक्ष घोषित किया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में आज नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख थी।

PHOTO: @INCIndia

न्यूज एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक रामचंद्रन ने बताया कि राहुल के पक्ष में 89 नामांकन पत्रों के सेट दाखिल किये गये थे। नामांकन पत्रों की जांच में सभी सेट सही पाये गये। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे प्राधिकरण से अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमणपत्र लेने के लिये 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय आएंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय माकन ने संवाददाताओं को बताया कि 16 दिसंबर को ही राहुल गांधी अध्यक्ष पद का दायित्व संभालेंगे। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते ही उनकी मां सोनिया गांधी का पार्टी प्रमुख के तौर पर 19 साल का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी 1998 से लेकर अब तक सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं।

करीब सवा सौ साल पुरानी कांग्रेस पार्टी में भले ही सोनिया गांधी सबसे अधिक समय तक अध्यक्ष पद पर आसीन रही हो, लेकिन आजादी के बाद पार्टी का नेतृत्व करने वाले कुल 18 नेताओं में से 14 नेहरू-गांधी परिवार से नहीं हैं। राहुल गांधी नेहरू-गांधी परिवार की पांचवीं पीढ़ी के पांचवें ऐसे व्यक्ति हैं जो कांग्रेस अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।

यदि आजादी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नजर डाले तो पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू ने प्रधानमंत्री रहते समय पांच वर्ष, इंदिरा गांधी भी करीब पांच वर्ष, राजीव गांधी भी करीब पांच वर्ष तथा पीवी नरसिंह राव ने भी करीब चार वर्ष तक इस जिम्मेदारी को संभाला। कांग्रेस में लालबहादुर शास्त्री एवं मनमोहन सिंह दो ऐसे नेता हैं जो प्रधानमंत्री तो बने, लेकिन पार्टी के अध्यक्ष नहीं बन पाए।

आजादी के बाद सोनिया गांधी जहां 19 वर्ष तक कांग्रेस अध्यक्ष पद पर रहीं, वहीं इस मामले में दूसरे स्थान पर उनकी सास इंदिरा गांधी रहीं जिन्होंने अलग-अलग बार कुल सात साल तक इस दायित्व को निभाया। भारत की स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन रह चुके नेताओं के नाम वर्षवार इस प्रकार हैं:-

1. आचार्य कृपलानी, 1947 से 1948 तक अध्यक्ष रहे।

2. पट्टाभि सीतारमैया, 1948-1950

3. पुरुषोाम दास टंडन, 1950-1951

4. जवाहरलाल नेहरू, 1951-1955

5. यू. एन. धेबर, 1955-1959

6. इंदिरा गांधी, 1959-1960 तथा 1978-84

7. नीलम संजीव रेड्डी, 1960-1964

8. के. कामराज, 1964-1968

9. एस. निजलिंगप्पा, 1968-1969

10. पी. मेहुल, 1969-1970

11. जगजीवन राम, 1970-1972

12. शंकर दयाल शर्मा, 1972-1974

13. देवकांत बरुआ, 1975-1977

14. राजीव गांधी, 1985-1991

15. कमलापति त्रिपाठी, 1991-1992

16. पी. वी. नरसिंह राव, 1992-1996

17. सीताराम केसरी, 1996-1998

18. सोनिया गांधी, 1998-2017

Previous articleगुजरात चुनाव में ‘पाकिस्तानी हस्तक्षेप’ वाले आरोपों को मनमोहन सिंह ने बताया बेबुनियाद, कहा- अपनी हार देख बौखला गए हैं PM मोदी
Next articleVirat Kohli, Anushka Sharma get married in Italy