चंडीगढ़ छेड़खानी मामले में BJP पर राहुल गांधी का निशाना कहा- आरोपियों से मिलीभगत न करे सरकार

0

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता के बेटे विकास बराला द्वारा चंडीगढ़ में एक महिला का कथित तौर पर पीछा किए जाने की रविवार को निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार को दोषी को दंडित करना चाहिए और अपराधियों से ‘मिलीभगत’ नहीं करनी चाहिए। उधर, इस मामले में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि इस घटना के लिए सुभाषा बराला को दंडित नहीं किया जा सकता है।

File Photo: PTI

भाषा की खबर के अनुसार, पीड़ित लड़की का आरोप है कि विकास बराला और उसका दोस्त आशीष कुमार एक पेट्रोल पंप से ही उनकी कार का पीछा कर रहे थे और कार का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की। लड़की के कई बार फोन करने पर पुलिस वहां पहुंची और दोनों लड़कों को गिरफ़्तार कर लिया।

राहुल ने बिना किसी का नाम लिए ट्विटर पर घटना की निंदा की। एक दिन पहले हरियाणा भाजपा के प्रमुख सुभाष बराला के बेटे विकास और उसके दोस्त आशीष कुमार को एक महिला का कथित तौर पर पीछा करने के लिए गिरफ्तार किया गया था और इसके तुरंत बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

उन्होंने ट्वीट किया, “चंडीगढ़ में लड़की का अपहरण और उससे छेड़छाड़ करने के प्रयास की निंदा करता हूं। भाजपा सरकार को दोषियों को दंडित करना चाहिए न कि दोषियों और उस मानसिकता के लोगों से मिलीभगत करनी चाहिए।” पुलिस ने कहा कि लड़की ने विकास और उसके दोस्त आशीष कुमार पर शुक्रवार की रात को उसका पीछा करने के आरोप लगाए थे जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उधर, पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ गाड़ी का पीछा करने और शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप दर्ज किया है. दोनों को ही ज़मानत पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अपहरण का आरोप इसलिए नहीं लगाया गया क्योंकि लड़की के अपने बयान में ये आरोप नहीं लगाया है। उधर, लड़की का कहना है कि एक प्रभावशाली परिवार से आने के कारण आरोपियों को लगता है कि वो किसी के साथ कुछ भी कर सकते हैं।

Previous articleCongress MLAs to be flown back to Gujarat tomorrow: Gohil
Next articleBEST buses to stay off roads on Monday, workers to strike