पंजाब में मुकेरियां विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रजनीश कुमार बब्बी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार(27 बुधवार) को तड़के निधन हो गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 59 वर्षीय बब्बी ने तड़के करीब तीन बजे पोस्ट ग्रेजुएट इन्स्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में अंतिम श्वांस ली। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। गौरतलब है कि, अभी कुछ समय के अंतराल में ही कई बड़े रजनीतिक चेहरे हमारे बीच से चले गये।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दो बार विधायक रहे रजनीश कुमार बब्बी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘‘मुकेरियां के विधायक रजनीश कुमार बब्बी के निधन की खबर सुन कर गहरी पीड़ा हुई। उनके असमय जाने से पंजाब को गहरी क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’’
Deeply anguished to learn of the death of Mukerian MLA, Rajnish Kumar Babbi ji. His untimely passing away is an immeasurable loss for Punjab. My thoughts are with his family in this time of grief.
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) August 27, 2019
रजनीश कुमार पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री दिवंगत केवल कृष्ण के पुत्र थे। पंजाब में 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में वह मुकेरियां सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। तब कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दी थी। बाद में, 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में बब्बी को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया। उन्होंने भाजपा के अरुणेश कुमार को मुकेरियां सीट पर हराया था।